पीएम श्री सेजेस गण्डई में कक्षा पहली और अन्य कक्षाओं में प्रवेश हेतु 14 मई को होगा लॉटरी आयोजन

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ / गंडई :
नगर गंडई में स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) गण्डई में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु कक्षा पहली में प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत लॉटरी आयोजन दिनांक 14 मई 2026 को प्रातः 10 बजे विद्यालय परिसर में संपन्न किया जाएगा। यह आयोजन शासन द्वारा निर्धारित पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रवेश प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है।
शासन के निर्देशानुसार स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में प्रत्येक कक्षा के लिए कुल 50 सीटों का प्रावधान निर्धारित है। इसी क्रम में कक्षा पहली में प्रवेश हेतु दिनांक 10 अप्रैल 2026 से 9 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित अवधि के दौरान कुल 65 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें दस्तावेजों के परीक्षण उपरांत 58 आवेदन पात्र तथा 7 आवेदन अपात्र पाए गए।
विद्यालय प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई है कि पात्र विद्यार्थियों के चयन हेतु लॉटरी प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गण्डई-छुईखदान, जिला शिक्षा अधिकारी खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई, विकासखंड शिक्षा अधिकारी छुईखदान सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे। अधिकारियों की उपस्थिति में लॉटरी प्रक्रिया का संचालन किया जाएगा ताकि चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनी रहे।
विद्यालय प्रबंधन समिति एवं प्रशासन ने समस्त अभिभावकों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लॉटरी प्रक्रिया का अवलोकन करें। इससे प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी तथा पालकों को चयन प्रक्रिया के प्रति विश्वास एवं संतुष्टि प्राप्त होगी।
पीएम श्री सेजेस गण्डई विद्यालय क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है। विद्यालय में विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण, अंग्रेजी माध्यम शिक्षा, स्मार्ट क्लास, आधुनिक शिक्षण संसाधन तथा समग्र विकास के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यही कारण है कि प्रतिवर्ष विद्यालय में प्रवेश हेतु पालकों एवं विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा जाता है।
विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लॉटरी प्रक्रिया के पश्चात चयनित विद्यार्थियों की सूची नियमानुसार जारी की जाएगी तथा आगामी प्रवेश संबंधी जानकारी भी समय-समय पर विद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। संस्था के प्राचार्य पवन कुमार ददरया के द्वारा सभी पालकों , जनप्रतिनिधियो, नागरिकगणों और पत्रकारों से निर्धारित समय पर उपस्थित होने एवं आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया गया है।



