G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

शहीदों को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित, शहीद पार्क में हुआ आयोजन

कवर्धा। माह के प्रथम रविवार 3 मई को स्थानीय शहीद पार्क, सिग्नल चौक कवर्धा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संस्था कबीरधाम द्वारा शहीदों को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शहीदों की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दिया।
संस्था के जिला अध्यक्ष डॉ. नरेश कुमार यदु ने बताया कि यह जिले का सातवां श्रद्धांजलि कार्यक्रम है। उपाध्यक्ष इंजीनियर एस. एस. जैन ने स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन में भाग लेने वाले वीर सपूतों के योगदान पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश के वीर सपूतों ने अपनी जान की बाजी लगाकर भारत को आजादी दिलाने में अहम भूमिका निभाई। कई शहीदों ने गुलामी की जंजीरों को तोड़ते हुए त्याग, बलिदान और कुर्बानी देकर देश को स्वतंत्र कराया।
उन्होंने युवाओं में शहीदों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। इसी कड़ी में राजेश पांडे ने अपने सारगर्भित विचार व्यक्त करते हुए देशभक्ति गीत भी प्रस्तुत किए। जी. पी. शर्मा ने भी अपने विचार रखे और देशभक्ति गीत के माध्यम से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
कार्यक्रम में नरोत्तम महोबिया और भंवर लाल लूनिया ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए अंग्रेजों की गुलामी से लेकर आजादी की लड़ाई तक के संघर्ष और शहीदों के बलिदान पर प्रकाश डाला।
अंत में भारत माता की जय, वंदे मातरम्, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर रहे और महात्मा गांधी की जय के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। इसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम् गीत गाया गया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर डॉ. नरेश कुमार यदु अध्यक्ष, इंजीनियर एस. एस. जैन उपाध्यक्ष, नरोत्तम महोबिया सचिव, गुरुप्रसाद शर्मा, भंवर लाल लूनिया, राजेश पांडे सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page