राजपूत क्षत्रिय महासभा का 62वां महाअधिवेशन 28-29 मार्च को डोंगरगांव में

20 हजार से अधिक समाजजनों के जुटने की संभावना, शोभायात्रा, सामूहिक विवाह और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण
रायपुर । राजपूत क्षत्रिय महासभा छत्तीसगढ़ का 62वां दो दिवसीय वार्षिक महाअधिवेशन 28 एवं 29 मार्च 2026 को राजनांदगांव जोन के डोंगरगांव स्थित जन सहयोग मैदान, मिनी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। महासभा के प्रचार सचिव डॉ. जितेंद्र सिंह ठाकुर एवं मीडिया प्रभारी आदर्श राजपूत ने बताया कि अधिवेशन में प्रदेशभर से लगभग 20 हजार समाजजन शामिल होंगे।
पहले दिन शोभायात्रा और पत्रिका विमोचन
28 मार्च, शनिवार को प्रातः 10 बजे महाराणा प्रताप ज्योति कलश रथ यात्रा के स्वागत व ध्वजारोहण के साथ अधिवेशन का शुभारंभ होगा। इसके बाद महिला मंडल द्वारा परिचय सम्मेलन, कैरियर काउंसलिंग एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे।
दोपहर 3 बजे विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें पारंपरिक वेशभूषा में समाजजन शामिल होंगे। शाम को केंद्रीय अध्यक्ष ठाकुर बजरंग सिंह बैस का उद्बोधन, अतिथियों का सम्मान एवं ‘शौर्य 2026’ वार्षिक पत्रिका का विमोचन किया जाएगा।
मेधावी छात्र होंगे सम्मानित कार्यक्रम में 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही 37 उपसमितियों में श्रेष्ठ कार्य करने वाली इकाइयों को पुरस्कार, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
दूसरे दिन सामूहिक विवाह और प्रतियोगिताएं
29 मार्च, रविवार को रंगोली, मेहंदी, पुष्प सज्जा एवं आरती थाल प्रतियोगिता आयोजित होगी। समाज में फिजूल खर्ची रोकने के उद्देश्य से वैदिक रीति से सामूहिक विवाह भी संपन्न कराया जाएगा।
मंचीय कार्यक्रम में महासचिव एवं कोषाध्यक्ष का वार्षिक प्रतिवेदन, प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान किया जाएगा।
स्वास्थ्य व रक्तदान शिविर भी लगेंगे
अधिवेशन के दोनों दिन स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। समाजजनों के लिए ठहरने की विशेष व्यवस्था विभिन्न भवनों में की गई है, वहीं महिलाओं के लिए अलग से एयर कंडीशनर जैन भवन आरक्षित किया गया है।
व्यवस्थाओं के लिए बनी समितियां
कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु स्वागत, भोजन, शोभायात्रा, चिकित्सा, आवास, पार्किंग, विद्युत एवं जल सहित विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।


