नवरात्रि चतुर्थी पर जुनवानी नर्मदा धाम पहुंचे मुख्यमंत्री, रुद्र महायज्ञ में किया पूजन
कवर्धा। चैत्र नवरात्रि की पावन चतुर्थी तिथि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कबीरधाम जिले के ग्राम जुनवानी नर्मदा धाम में आयोजित पंच कुंडीय रुद्र महायज्ञ एवं शिव महापुराण कथा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने श्रद्धा भाव से विधि-विधान के साथ यज्ञ की परिक्रमा की तथा व्यासपीठ की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने इस धार्मिक अनुष्ठान के अवसर पर प्रदेश की सुख, शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन करते हुए सभी को चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, पंडरिया विधायक भावना बोहरा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, पूर्व विधायक डॉ. सियाराम साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी महायज्ञ की परिक्रमा कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।



