61,974 किसानों से 35.17 लाख क्विंटल धान की खरीदी, 776 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो केसीजी
समर्थन मूल्य पर सुचारू खरीदी, समयबद्ध भुगतान से किसानों में विश्वास
खैरागढ़ :
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य शासन की मंशा के अनुरूप सुचारू, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। व्यवस्थित खरीदी प्रक्रिया और समय पर भुगतान के चलते किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है, जिससे किसान वर्ग में संतोष और विश्वास का वातावरण निर्मित हुआ है।
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित धान खरीदी अभियान के तहत अब तक जिले के 61 हजार 974 किसानों से 35 लाख 17 हजार 669 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके एवज में किसानों को 776 करोड़ 58 हजार रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके खातों में भुगतान की जा चुकी है।
खरीदी के साथ-साथ किसानों के खातों में समय पर भुगतान सुनिश्चित किए जाने से उन्हें आर्थिक संबल मिला है। इससे किसान अपनी आगामी कृषि गतिविधियों की बेहतर योजना बना पा रहे हैं, जिससे कृषि कार्यों में निरंतरता बनी हुई है।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा सभी धान खरीदी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। खरीदी प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण, धान की गुणवत्ता जांच, स्टॉक सत्यापन एवं परिवहन व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।
समयबद्ध भुगतान और सुव्यवस्थित खरीदी व्यवस्था से किसान प्रसन्नचित नजर आ रहे हैं। किसानों का कहना है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और शीघ्र भुगतान से उनकी मेहनत का सही मूल्य मिल रहा है, जिससे शासन और प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अपनी उपज का विक्रय करें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित धान खरीदी केंद्र या प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करें।




