स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संस्था की कलेक्टर से सौजन्य भेंट

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संस्था की कलेक्टर से सौजन्य भेंट
कवर्धा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संस्था, कबीरधाम जिला के पदाधिकारियों ने 16 जनवरी 2026 को कलेक्टर कबीरधाम गोपाल वर्मा से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष डॉ. नरेश कुमार यदु ने कलेक्टर महोदय को संस्था के पदाधिकारियों का परिचय कराया।
चर्चा के दौरान डॉ. यदु ने बताया कि कबीरधाम जिले में पहली बार स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संस्था का गठन किया गया है, जो स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण कर समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने का कार्य कर रही है।
उन्होंने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र रघुवंशी (कनखल, हरिद्वार) के दिशानिर्देशन एवं प्रदेश अध्यक्ष मुरली खंडेलवाल के मार्गदर्शन में प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को शहीदों के सम्मान में पुष्प अर्पण एवं दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। अब तक यह कार्यक्रम भारत माता चौक एवं शहीद पार्क सिग्नल चौक, कवर्धा में दो बार आयोजित किया जा चुका है।
आगामी माह के प्रथम रविवार को आयोजित होने वाले श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मुरली खंडेलवाल, गणेश शंकर मिश्रा (पूर्व एडिशनल सचिव एवं पूर्व कलेक्टर, छत्तीसगढ़ शासन) तथा चंद्रप्रकाश बाजपेई (बिलासपुर) सहित अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे, जिसकी तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
सौजन्य भेंट के दौरान नरोत्तम महोबिया (सचिव), इंजी. एस. एस. जैन (उपाध्यक्ष), महेश राम महोबिया (कोषाध्यक्ष) एवं सियाराम महोबिया उपस्थित रहे।



