स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक: 15 फरवरी तक सेग्रीगेशन शेड व शौचालय निर्माण पूर्ण करने के निर्देश

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ :
जिले में स्वच्छता अभियानों को गति देने एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आज कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छता से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत जिले में स्वीकृत एवं प्रगतिरत 07 सेग्रीगेशन शेड के निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर देते हुए 15 फरवरी तक इन्हें अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कचरा प्रबंधन की व्यवस्था सुदृढ़ होने से गांवों की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
बैठक में जिले की सभी ग्राम पंचायतों में नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा यूजर चार्ज कलेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी बनाने के लिए जनभागीदारी और नियमित संग्रहण व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है।
इसके अतिरिक्त वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को 15 फरवरी तक निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खुले में शौच मुक्त स्थिति को बनाए रखने के लिए शौचालय निर्माण के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


