जिला केसीजी में 24140 किसानों से 14.12 लाख क्विंटल धान की खरीदी

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो केसीजी
33,528.52 लाख रुपये का ऑनलाइन भुगतान किसानों को
समितियों से धान का उठाव शुरू, व्यवस्था हुई तेज
1743 किसानों ने 155.6305 हेक्टेयर रकबा किया समर्पित
खैरागढ़ :
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। अब तक 39 सहकारी समितियों के अंतर्गत संचालित 51 उपार्जन केंद्रों में 24,140 किसानों से कुल 14,12,762.00 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। इस खरीदी की कुल लागत 33,528.52 लाख रुपये आंकी गई है।
शासन द्वारा लागू “तुंहर टोकन” जैसी पारदर्शी व्यवस्था के चलते किसान निर्धारित तिथि पर सहजता से उपार्जन केंद्रों में पहुंचकर धान विक्रय कर रहे हैं। धान विक्रय के पश्चात अब तक 30,931.50 लाख रुपये का ऑनलाइन भुगतान सीधे किसानों के खातों में किया जा चुका है।
धान खरीदी केंद्रों में जिला प्रशासन द्वारा किसानों की सुविधा हेतु बैठने, पेयजल, छाया एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। साथ ही धान खरीदी के लिए पर्याप्त मात्रा में बारदाने की उपलब्धता भी बनी हुई है।
इसी क्रम में अब तक 1,743 किसानों द्वारा 155.6305 हेक्टेयर रकबा समर्पण किया गया है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में 4,40,031 मीट्रिक टन धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
धान खरीदी के साथ-साथ समितियों में संग्रहित धान का उठाव कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। इसके लिए अब तक 5,084.00 मीट्रिक टन धान का डिलीवरी ऑर्डर (डीओ) जारी किया गया है, जिसमें से 1,750.40 मीट्रिक टन धान का उठाव पूर्ण किया जा चुका है।



