युक्तियुक्तकरण को लेकर कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने की पत्रकार वार्ता


AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
शिक्षकों की कमी पूरी करने व शिक्षा गुणवत्ता सुधारने के लिए चल रही तेज़ कार्रवाई

खैरागढ़, 05 जून 2028 – जिले में स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने और शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए चल रहे युक्तियुक्तकरण अभियान को लेकर कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पत्रकार वार्ता की। इस मौके पर उन्होंने विस्तार से बताया कि शिक्षा विभाग के समन्वय से युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और तत्परता के साथ पूर्ण कर ली गई है।
कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान में जिले के कई स्कूलों में शिक्षकों की संख्या असंतुलित है, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। अतिशेष शिक्षकों का पुनर्वितरण और रिक्त पदों पर नई भर्ती के माध्यम से इस समस्या को शीघ्रता से समाप्त किया जा रहा है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत पहले से ही 148 अतिशेष शिक्षकों का सफलतापूर्वक पुनर्वितरण किया जा चुका है। साथ ही, शेष रिक्त पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है, जो शीघ्र पूरी कर दी जाएगी। इससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और शिक्षक-छात्र अनुपात सही होगा।
उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के माध्यम से जिले की 5 पूर्णतः शिक्षकविहीन शालाओं, 90 एकल शिक्षक शालाओं, 2 पूर्व माध्यमिक विद्यालयों एवं 2 हाईस्कूलों में रिक्त पदों की पूर्ति की गई। इसके साथ ही जिले में अब कोई भी विद्यालय शिक्षकविहीन अथवा एकल शिक्षक संचालित नहीं रहेगा, जिससे शिक्षण व्यवस्था को नया बल मिला है।
148 शिक्षकों में कुल 98 सहायक शिक्षक, 21 व्याख्याता, 8 विज्ञान संकाय शिक्षक, 2 प्रधान पाठक (प्राथमिक) तथा 19 अन्य शिक्षक थे। जिसमें सभी का सफलतापूर्वक काउंसलिंग किया गया। इस दौरान व्याख्याता वर्ग से एक शिक्षक अनुपस्थित रहे, वहीं शिक्षक वर्ग से एक अभ्यर्थी ने स्थान परिवर्तन के लिए असहमति जताई।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल शिक्षकों की संख्या बढ़ाना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि शिक्षकों के प्रशिक्षण, कार्यक्षमता, और स्कूलों में उपलब्ध संसाधनों के सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिक्षकों के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि वे नवीनतम शैक्षिक तकनीकों से परिचित हों और बच्चों को बेहतर शिक्षा दे सकें।
उन्होंने मीडिया से अपील की कि वे इस प्रक्रिया की सकारात्मक भूमिका निभाएं और जनसाधारण को सही जानकारी प्रदान करें ताकि गलतफहमियां न फैलें। कलेक्टर ने भरोसा जताया कि युक्तियुक्तकरण के सफल क्रियान्वयन से जिले की शिक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा और भविष्य में बच्चों को बेहतर अवसर मिलेंगे।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा विभाग के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है और सभी संबंधित अधिकारियों को समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश हैं। साथ ही, यदि कहीं कोई समस्या आती है तो उसे शीघ्र समाधान किया जाएगा।