रामलला दर्शन योजना: 30 श्रद्धालु अयोध्या धाम के लिए रवाना, जिले में उत्साह का माहौल

विश्वराज ताम्रकार
खैरागढ़ : जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई से रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत 30 श्रद्धालुओं को आज सुबह 9:15 बजे जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर अयोध्या धाम के लिए रवाना किया। श्रद्धालु पहले बस के माध्यम से खैरागढ़ से राजनांदगांव पहुंचेंगे, जहां से वे विशेष ट्रेन द्वारा अयोध्या के लिए प्रस्थान करेंगे।
इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से उनका श्रीराम के दर्शन करने का वर्षों पुराना सपना साकार हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा रामभक्तों के लिए निःशुल्क अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम के दर्शन कराने हेतु “रामलला दर्शन योजना” की शुरुआत की गई है। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक जिले से चयनित श्रद्धालुओं को विशेष ट्रेन के माध्यम से अयोध्या ले जाया जा रहा है।
योजना के तहत श्रद्धालुओं को संपूर्ण सुविधा पैकेज उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें यात्रा, आवास, भोजन, नाश्ता तथा मंदिर दर्शन की व्यवस्था शामिल है। साथ ही यात्रा के दौरान सुरक्षा कर्मी, चिकित्सक दल एवं टूर एस्कॉर्ट भी साथ रहेंगे, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके।
इस अवसर पर खैरागढ़ नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जनपद सदस्य शैलेन्द्र मिश्रा, अध्यक्ष प्रतिनिधि शैलेन्द्र त्रिपाठी, पूर्व जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




