वनांचल में विकास की नई तस्वीर: सांसद ने पीएम जनमन योजना के कार्यों का किया निरीक्षण

विश्वराज ताम्रकार
खैरागढ़ :विगत दिनों छुईखदान विकासखंड के सुदूर वनांचल एवं आदिवासी बहुल ग्राम निजामडीह में क्षेत्रीय सांसद संतोष पाण्डेय ने पीएम जनमन योजना अंतर्गत निर्मित हो रहे आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों से आत्मीय संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी समाज के समग्र विकास का जो संकल्प लिया गया है, वह अब धरातल पर साकार होता दिखाई दे रहा है। वर्षों से बुनियादी सुविधाओं से वंचित वनांचल क्षेत्रों में अब पक्के आवास, बेहतर जीवन स्तर और सम्मानजनक भविष्य का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँच रहा है, जिससे ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक और अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
इसी क्रम में सांसद ने छुईखदान विकासखंड अंतर्गत ग्राम तुम्हारडाह (सिंगारपुर) में पीएम जनमन योजना के तहत निर्मित बहुउद्देश्यीय केंद्र (एम.पी.सी.) का भी निरीक्षण किया। केंद्र में उपस्थित बच्चों से संवाद कर उनकी शिक्षा, गतिविधियों और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही ग्रामीणजनों से मुलाकात कर उनके सुझाव एवं अनुभव भी सुने।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री के सशक्त नेतृत्व में युवाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे उनमें नवाचार, नेतृत्व क्षमता और बेहतर भविष्य निर्माण की सोच विकसित हो रही है। उन्होंने बहुउद्देश्यीय केंद्र को गांव के समग्र विकास, शिक्षा, कौशल विकास और सामुदायिक गतिविधियों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

