नशे की गुलामी से मुक्त होकर ही सच्ची आजादी : बीके निलेश्वरी दीदी
कवर्धा, 15 अगस्त। प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज शिव ज्योति भवन कवर्धा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की पूजा-अर्चना कर स्थानीय सेवा केंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी निलेश्वरी दीदी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने देश की आजादी के साथ समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

बीके निलेश्वरी दीदी ने कहा कि वीर स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को विदेशी शासन से आजादी दिलाई, लेकिन यदि कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार के नशे या व्यसन का गुलाम है तो वह वास्तव में स्वतंत्र नहीं है। सच्चा स्वतंत्र व्यक्ति वही है, जो अपने मन का मालिक हो और गलत संगति तथा नशे को आत्मविश्वास के साथ ‘ना’ कह सके।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर देश की आजादी के साथ नशामुक्त एवं चरित्रवान जीवन का भी संकल्प लेना चाहिए। नशामुक्त युवा ही सशक्त और विकसित भारत की सबसे बड़ी पहचान बन सकते हैं।

राजयोग से मन को मिलती है शक्ति
उन्होंने कहा कि राजयोग एक संपूर्ण जीवनशैली है, जो मन को मजबूत करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और नशे से दूर रहने की शक्ति देता है। राजयोग के माध्यम से सकारात्मक सोच विकसित करने, भावनाओं पर नियंत्रण रखने तथा विपरीत परिस्थितियों में शांत और संतुलित रहने का अभ्यास किया जा सकता है।

