जनदर्शन में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सुनीं लोगों की समस्याएं

अंबिकापुर निवास पर क्षेत्रवासियों से किया सीधा संवाद, त्वरित समाधान के दिए निर्देश
रायपुर, 20 जुलाई 2026। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने अंबिकापुर स्थित अपने निवास पर आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों की समस्याएं और मांगें गंभीरता से सुनीं। बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं और सुझाव मंत्री के समक्ष रखे। श्री अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को समयबद्ध राहत मिल सके।
मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनदर्शन नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है, जिससे लोगों की समस्याओं को सीधे समझकर उनका समाधान सुनिश्चित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और क्षेत्र के समग्र विकास को गति देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है।
जनदर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे मंत्री के समक्ष रखने का अवसर मिलने तथा उनके त्वरित समाधान के लिए दिए गए निर्देशों पर संतोष व्यक्त करते हुए जनसुनवाई व्यवस्था की सराहना की।


