सड़क हादसे में घायलों की मदद करने वालों को मिलेंगे 25 हजार रुपये, कलेक्टर ने की अपील

गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाकर बचाएं जान, राह-वीर योजना के तहत मददगार नागरिकों को मिलेगा प्रोत्साहन और प्रशस्ति प्रमाण पत्र
कवर्धा। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करना किसी की जिंदगी बचाने का सबसे बड़ा मानवीय कार्य है। इसी उद्देश्य से कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कबीरधाम जिले के नागरिकों से अपील की है कि दुर्घटना में घायल लोगों को देखकर अनदेखा न करें, बल्कि तत्काल उनकी मदद के लिए आगे आएं।
कलेक्टर ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा ‘गोल्डन ऑवर’ कहलाता है। यह समय घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान उचित चिकित्सा सुविधा मिलने और घायल को अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने से उसकी जान बचाई जा सकती है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार की राह-वीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने वाले पात्र मददगार नागरिक को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति प्रमाण पत्र देने का प्रावधान है। इसके साथ ही मददगार नागरिकों को नियमानुसार कानूनी संरक्षण भी दिया जाता है, ताकि पुलिस या कानूनी प्रक्रिया के डर से कोई व्यक्ति घायलों की सहायता करने से पीछे न हटे।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, वाहन चालकों और स्वयंसेवी संस्थाओं सहित जिले के सभी नागरिकों से इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क कर एंबुलेंस एवं आवश्यक सहायता प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि घायलों की मदद करना केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवता का परिचय भी है। आपकी थोड़ी सी तत्परता किसी परिवार की खुशियां बचा सकती है। इसलिए सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता के लिए आगे आएं और जीवन बचाने में सहभागी बनें।


