कबीरधाम की बहनों ने सरहद के वीर जवानों के लिए भेजा स्नेह का रक्षा-सूत्र

महिला मोर्चा के रक्षा-सूत्र अभियान में जिलेभर से 34,062 राखियां एकत्र, संदेश और मातृभूमि की पवित्र मिट्टी भी भेजी गई
https://youtube.com/shorts/LwgUSgHGb-o?si=M_rFOpR17pTJmAe-

कवर्धा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के निर्देशन, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी के मार्गदर्शन तथा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष विजयलक्ष्मी तिवारी के नेतृत्व में कबीरधाम जिले में सरहद पर तैनात भारतीय सैनिकों के लिए विशेष “रक्षा-सूत्र संग्रह अभियान” चलाया गया। अभियान के अंतर्गत जिले की हजारों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सैनिक भाइयों के लिए कुल 34,062 राखियां एकत्रित कर भेजीं।

महिला मोर्चा द्वारा अकेले 21,061 राखियां संग्रहित की गईं, जबकि विभिन्न सामाजिक संगठनों, महिला समूहों एवं नागरिकों के सहयोग से कुल संख्या 34,062 तक पहुंची। सभी राखियों को आकर्षक लिफाफों में पैक कर सैनिकों के लिए रवाना किया गया।
हर लिफाफे में बहनों का स्नेह
प्रत्येक लिफाफे में—
एक रक्षा-सूत्र (राखी),
मातृभूमि की पावन मिट्टी,
तथा सैनिक भाइयों के नाम भावनात्मक संदेश रखा गया।
“प्रिय सैनिक भाई, आप हमारी सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं, इसलिए हम सभी बहनों की ओर से यह रक्षा-सूत्र आपकी कलाई तक भेज रहे हैं। भगवान भोलेनाथ आपको सदैव सुरक्षित रखें, दीर्घायु, स्वस्थ और खुशहाल जीवन दें। आपका साहस और समर्पण पूरे देश का गौरव है। रक्षा बंधन पर हम भले ही आपके पास नहीं हैं, लेकिन हमारा स्नेह और आशीर्वाद सदैव आपके साथ है।”
सभी मंडलों की रही सक्रिय भागीदारी
अभियान में कवर्धा नगर, पंडरिया, बोड़ला, सहसपुर लोहारा, पिपरिया, पांडातराई, कुकदूर, चिल्फी सहित जिले के विभिन्न मंडलों की महिला कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई और अभियान को सफल बनाया।
भूतपूर्व सैनिकों की गरिमामयी उपस्थिति
रक्षा-सूत्र संग्रह एवं प्रेषण कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिक महेंद्र प्रताप सिंह एवं जितेंद्र राजपूत सहित अन्य सैनिक भाई भी उपस्थित रहे। उन्होंने महिला मोर्चा एवं जिले की सभी बहनों के इस स्नेहपूर्ण प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान सीमाओं पर तैनात सैनिकों का मनोबल बढ़ाने के साथ पूरे देश की एकजुटता का संदेश देते हैं।
महिला मोर्चा ने जताया आभार
महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष विजयलक्ष्मी तिवारी ने कहा कि रक्षा बंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि राष्ट्र रक्षा में लगे वीर जवानों के प्रति सम्मान और आत्मीयता व्यक्त करने का अवसर है। कबीरधाम जिले की बहनों ने पूरे श्रद्धाभाव से यह अभियान सफल बनाया है।
भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि सीमाओं पर तैनात सैनिकों के कारण ही देश सुरक्षित है। रक्षा बंधन पर जिले की बहनों द्वारा भेजा गया यह स्नेह और सम्मान निश्चित रूप से जवानों का मनोबल बढ़ाएगा।
रक्षा-सूत्र अभियान के माध्यम से कबीरधाम जिले की बहनों ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि पूरा देश अपने वीर सैनिकों के साथ मजबूती से खड़ा है तथा उनके त्याग, समर्पण और बलिदान का सदैव सम्मान करता है।



