रिमझिम बारिश में भी घर-घर पहुंच रहे स्वच्छाग्रही, स्वच्छता अभियान नहीं थमा

चार रंगीन डिब्बों में कचरा पृथक्करण के लिए ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक, कलेक्टर ने की सहयोग की अपील

कवर्धा, 20 जुलाई 2026। जिले में लगातार हो रही बारिश के बावजूद स्वच्छाग्रही पूरे समर्पण के साथ घर-घर पहुंचकर कचरा संग्रहण और स्वच्छता जागरूकता अभियान चला रहे हैं। रेनकोट, गमबूट और अन्य सुरक्षा उपकरणों से लैस स्वच्छाग्रही ग्रामीणों को स्रोत पर ही कचरे का पृथक्करण करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने स्वच्छाग्रहियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत जिले की ग्राम पंचायतों में चार रंगीन डिब्बों के माध्यम से कचरे का पृथक्करण एवं संग्रहण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में गीले कचरे की मात्रा बढ़ने से डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे समय में स्वच्छाग्रहियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि ग्राम पंचायत द्वारा निर्धारित समय के अनुसार सप्ताह में दो दिन आने वाले स्वच्छाग्रहियों को समय पर कचरा उपलब्ध कराएं। साथ ही हरे डिब्बे में गीला कचरा, नीले डिब्बे में सूखा कचरा, लाल डिब्बे में सेनेटरी अपशिष्ट और काले डिब्बे में ई-वेस्ट अलग-अलग डालने की आदत अपनाएं।
कलेक्टर ने नागरिकों से स्वच्छाग्रहियों का सम्मान करने, उनका उत्साहवर्धन करने तथा बरसात के दौरान खुले में कचरा नहीं फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे नालियां जाम होने से बचेंगी और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम में मदद मिलेगी। उन्होंने “स्वच्छता में ही भगवान का वास है” का संदेश देते हुए सभी नागरिकों से स्वच्छ कबीरधाम, स्वस्थ कबीरधाम के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार चयनित सभी ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से घर-घर कचरा संग्रहण किया जा रहा है। स्वच्छाग्रही दीदियों को 15वें वित्त आयोग के टाइड फंड से प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने के लिए सभी सरपंचों एवं सचिवों को निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ग्राम पंचायतों को यूजर चार्ज संग्रहण सुनिश्चित करने और ग्रामीणों को स्वच्छता व्यवस्था के लिए यूजर चार्ज देने के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में स्वच्छाग्रहियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायतों द्वारा उन्हें ग्लव्स, गमबूट, जूते, मास्क, एप्रन और साड़ी सहित आवश्यक सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराई गई है, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में अपनी सेवाएं निरंतर दे सकें।


