सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर खनिज विभाग का सख्त एक्शन, अवैध रेत-गिट्टी परिवहन में 6 ट्रैक्टर जब्त

रायपुर, 15 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076) में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण की दिशा में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग ने अवैध रेत एवं गिट्टी परिवहन में संलिप्त छह ट्रैक्टरों को जब्त किया है। यह कार्रवाई नवपदस्थ कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के निर्देश पर जिला खनिज विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाकर की गई।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत प्राप्त होने के बाद कलेक्टर ने जिला खनिज विभाग को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान कोलबिर्रा और रुमगा क्षेत्र से अवैध रेत परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टर, खंता और पिपरिया क्षेत्र से दो रेत से भरे ट्रैक्टर तथा सधवानी क्षेत्र से गिट्टी से भरा एक ट्रैक्टर पकड़ा गया। सभी छह वाहनों को मौके पर जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
खनिज विभाग ने संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अर्थदंड एवं समझौता राशि खनिज मद में जमा किए जाने के बाद ही नियमानुसार जब्त वाहनों को छोड़ा जाएगा।
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और शासन के राजस्व हितों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।
जिला प्रशासन ने बताया कि अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध खनिज गतिविधियों की जानकारी मिले तो मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 या संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी श्री आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक श्री सुजीत कंवर, खनिज सिपाही श्री शिवकुमार लहरे तथा नगर सैनिक श्री सतीश साहू की सक्रिय भूमिका रही।



