4.85 करोड़ की लागत से बनेगा दुर्ग जिला अस्पताल का अत्याधुनिक सर्जिकल विंग


रायपुर/दुर्ग, 30 जुलाई 2026। दुर्ग जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने लगभग 4 करोड़ 85 लाख 43 हजार रुपये की लागत से बनने वाले सर्जिकल विंग (प्रथम तल, फेज-2) के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। नए भवन में आधुनिक सुविधाओं से युक्त पेइंग वार्ड विकसित किया जाएगा, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को निजी अस्पताल जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।

मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि नए सर्जिकल विंग में 7 आधुनिक पेइंग रूम, दो विशाल वेटिंग हॉल, सेंट्रलाइज्ड एयर कंडीशनिंग, टेलीविजन सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में लंबे समय से पेइंग वार्ड नहीं होने के कारण मरीजों, विशेषकर प्रसूता महिलाओं और उनके परिजनों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता था। नई सुविधा शुरू होने से जच्चा-बच्चा को चिकित्सकीय निगरानी में सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा।
मंत्री ने बताया कि लगभग 15 वर्ष पहले जिला अस्पताल में पेइंग वार्ड संचालित होता था, जिसमें अलग किचन सहित कई सुविधाएं उपलब्ध थीं। बाद में यह व्यवस्था बंद हो गई थी। अस्पताल में बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए मुख्यमंत्री से पेइंग वार्ड पुनः शुरू करने का आग्रह किया गया था, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।
उन्होंने कहा कि नए पेइंग वार्ड में मरीजों को होटल जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही भविष्य में जिला अस्पताल में एमआरआई सेंटर और सीटी स्कैन सेंटर भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे जिलेवासियों को उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी।
इस अवसर पर नगर निगम सभापति श्याम शर्मा, छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी, सिविल सर्जन डॉ. आशिष मिंज, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ए.के. भट्टाचार्य सहित स्वास्थ्य एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे।


