योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष बने संजय अग्रवाल


रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और अनुशासित जीवन का आधार है।
राजधानी रायपुर के सर्किट हाउस में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने संजय अग्रवाल के छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष पदभार ग्रहण समारोह में उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में योग आयोग प्रदेश में योग के प्रचार-प्रसार को नई गति देगा और गांव-गांव, विद्यालयों तथा समाज के हर वर्ग तक योग पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। आज 176 से अधिक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है, जो भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा के सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार से छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद एम्स की स्थापना का आग्रह किया गया है। राज्य का लगभग 44 प्रतिशत वन क्षेत्र औषधीय वनस्पतियों से समृद्ध है, जिससे भविष्य में छत्तीसगढ़ आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और वेलनेस पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकता है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। विधायक किरण सिंह देव ने भी विश्वास व्यक्त किया कि नए नेतृत्व में योग आयोग प्रदेशभर में योग को बढ़ावा देने में प्रभावी भूमिका निभाएगा।
समारोह में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद लक्ष्मी वर्मा, सांसद कमलेश जांगड़े, सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, योग साधक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


