NH-45 पर छतौना के पास सड़क मरम्मत जारी, आवाजाही पूरी तरह चालू
रायपुर, 13 अगस्त। गौरेला-बिलासपुर नेशनल हाईवे-45 पर छतौना के पास अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़क सतह की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर जारी है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार मार्ग पर यातायात पूरी तरह चालू है और वाहन सामान्य रूप से आवाजाही कर रहे हैं। परियोजना का अब तक 58 प्रतिशत भौतिक कार्य पूरा हो चुका है।
भारी बारिश और वाहनों के दबाव से सड़क को नुकसान
केवंची-रतनपुर मार्ग के किमी 290.000 पर ग्राम छतौना के पास टोल प्लाजा प्रस्तावित है। यहां GSB लेयर का काम पूरा हो चुका था। पिछले दिनों हुई भारी बारिश और बड़ी संख्या में भारी वाहनों के आवागमन के कारण इस हिस्से की सड़क सतह को नुकसान पहुंचा।
जानकारी मिलते ही EPC ठेकेदार मेसर्स शांति इंजीकॉन प्राइवेट लिमिटेड ने सुधार कार्य शुरू कर दिया। विभागीय अधिकारी मौके पर निगरानी रख रहे हैं, ताकि मरम्मत के दौरान यातायात प्रभावित न हो।
286 करोड़ की परियोजना, 58% काम पूरा
भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने NH-45 के 42.598 किमी लंबे हिस्से के 2-लेन चौड़ीकरण और उन्नयन के लिए 286 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति 31 मार्च 2022 को दी थी। कार्यादेश 15 जुलाई 2024 को जारी हुआ था।
अब तक 25.770 किमी DBM, 98 HP कल्वर्ट, 14 RCC बॉक्स कल्वर्ट, 7 माइनर ब्रिज, 4.890 किमी RCC नाली तथा 4.467 किमी रिटेनिंग वॉल और टो-वॉल का काम पूरा हो चुका है।
विभाग ने वाहन चालकों और आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक NH-45 पर आवागमन पूरी तरह जारी है और शेष कार्य भी जल्द पूरा किया जाएगा।



