जनगणना, सुशासन तिहार और विकास कार्यों की समीक्षा

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन पर कलेक्टर के सख्त निर्देश
नक्सल क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क विस्तार और नियद नेल्लानार 2.0 पर जोर
समय-सीमा बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
खैरागढ़ : जिले में संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने सभी विभागों की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी योजनाएं गुणवत्तापूर्वक पूर्ण हों।
बैठक में मुख्यमंत्री के हालिया जिले प्रवास के दौरान की गई घोषणाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित प्रस्तावों को शीघ्र तैयार कर उच्च कार्यालय भेजने के निर्देश दिए, ताकि घोषणाओं का त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
सुशासन तिहार-2026 की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने शिविरों में प्राप्त आवेदनों की समय पर ऑनलाइन एंट्री एवं त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का जिम्मेदारीपूर्वक समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी आवेदन को लंबित न रखा जाए।
जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सर्व चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रगणक निर्धारित समय-सीमा में घर-घर जाकर सही जानकारी संकलित करें तथा आंकड़ों की शुद्धता बनाए रखें। उन्होंने जनगणना को राष्ट्रीय महत्व का कार्य बताते हुए नियमित मॉनिटरिंग एवं फील्ड निरीक्षण के निर्देश दिए।
बैठक में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क विस्तार एवं मोबाइल टावर स्थापना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही नियद नेल्लानार 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए दूरस्थ क्षेत्रों में शासन की योजनाओं एवं मूलभूत सुविधाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में समग्र शिक्षा अभियान, आयुष्मान कार्ड, “कैच द रेन” अभियान, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित निर्माण कार्यों एवं राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

