G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

कबीरधाम में अवैध अप्रवासियों को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील

कवर्धा, 5 अगस्त। कबीरधाम पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से अवैध अप्रवासियों के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (आईपीएस) के निर्देशन में थाना सहसपुर लोहारा एवं चौकी रणवीरपुर पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर और पाम्पलेट के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सहसपुर लोहारा संजय ध्रुव के नेतृत्व में संचालित किया गया। इस दौरान बाजार, बस स्टैंड, प्रमुख चौक-चौराहों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नागरिकों को अवैध अप्रवासियों के संबंध में सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

समाधान ऐप से होगा किराएदार सत्यापन

पुलिस अधिकारियों ने मकान मालिकों एवं आम नागरिकों को “समाधान” मोबाइल ऐप की जानकारी देते हुए किराएदारों का पूरा विवरण ऐप में दर्ज करने और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस ने कहा कि ऐप के माध्यम से किराएदारों का सत्यापन सुनिश्चित होने से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनेगी।

24 घंटे हेल्पलाइन पर दें सूचना

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति या अवैध अप्रवासी की मौजूदगी की आशंका हो तो वे तत्काल टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-233-1905 पर सूचना दें। यह हेल्पलाइन सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे संचालित रहती है तथा सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने जिलेवासियों से जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि जनसहयोग, सतर्कता और आपसी समन्वय से ही सुरक्षित एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है। साथ ही पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा करने से बचने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page