Photos: मुंबई में बरसात से भारी तबाही, तस्वीरें दे रही हैं नुकसान की गवाही

Image Source : INDIA TV
मुंबई। महाराष्ट्र में मुंबई और पड़ोसी जिलों ठाणे तथा पालघर में भारी बारिश जारी है, जिससे रेल की पटरियों और सड़कों पर जलभराव के कारण लोकल ट्रेन तथा बस सेवाएं बाधित हो गई हैं। मुंबई के चेंबूर, परेल, हिंदमाता, वडाला और अन्य क्षेत्रों के निचले इलाकों में जलभराव की खबरें हैं। पालघर में सुबह भारी बारिश के कारण पश्चिमी रेलवे मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही बाधित रही। मुम्बई से सटे काशिमिरा ब्रिज के पास का जलभराव के कारण वसई, नालासोपारा से मुम्बई आने वाले लोग घंटों से ट्रैफिक में फंसे हुए हैं, यहां अभी भी जलभराव बना हुआ है।

पश्चिमी रेलवे के मुख्य प्रवक्ता सुमित ठाकुर ने बताया कि दो घंटों में 266 मिमी. बारिश के कारण सुबह पांच बजकर 40 मिनट से सात बजकर 10 मिनट तक पालघर में ट्रेनों की आवाजाही ‘मामूली रूप से बाधित’ रही और इसके चलते कुछ ही ट्रेनें चलाई गई। रेलवे के सूत्रों के मुताबिक पालघर स्टेशन पर पटरियों में जलभराव के कारण उपनगरीय सेवाओं को रोक दिया गया।

मुंबई के कांदिवली में मूसलाधार बारिश के दौरान भारी भूस्खलन की वजह से वेस्टर्न हाईवे बंद हो गया। रोड पर अचानक बड़ी-बड़ी चट्टानें आ गिरीं। हालांकि हाईवे से गुजर रही बसें और कार भूस्खलन के दौरान बालबाल बच गयीं। बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) की बस सेवाएं भी कुछ सड़कों पर जलभराव के कारण प्रभावित हुई हैं।

सूत्रों ने बताया कि सायन और कुर्ला इलाकों में पटरियों पर जलभराव हो गया है और ट्रेनें देरी से चल रही हैं। मध्य रेलवे के मुख्य प्रवक्ता शिवाजी सुतार ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल से कसारा (ठाणे), खोपोली (रायगढ़), पनवेल (नवी मुंबई) और गोरेगांव तक उनकी उपनगरीय सेवाएं भारी बारिश के बावजूद चल रही हैं।

मध्य रेलवे और पश्चिमी रेलवे दोनों आवश्यक तथा आपात सेवाओं में काम कर रहे लोगों के लिए हर रोज करीब 350 विशेष ट्रेनें चला रहे हैं। बता दें कि, नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम का एक हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है।

आईएमडी की वेबसाइट के अनुसार मुंबई मेट्रोपोलिटन क्षेत्र (एमएमआर) के तहत आने वाले ठाणे शहर, डोम्बिवली और कल्याण इलाकों में इस दौरान 120 मिमी. से अधिक बारिश हुई। मुंबई शहर और बांद्रा तथा कुर्ला जैसे उपनगरों में पिछले 12 घंटों के दौरान 30 मिमी से 70 मिमी तक बारिश दर्ज की गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुंबई केंद्र के उप महानिदेशक के एस होसलीकर ने कहा, ‘आईएमडी के अनुमान के मुताबिक उत्तर खाड़ी में मंगलवार को कम दबाव का क्षेत्र बनने से अरब सागर में निचले स्तर पर चलने वाली दक्षिणी हवाएं और तेज हो गई है। इससे मुंबई में तथा उसके आसपास भारी से बहुत भारी बारिश हुई है।’ बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने बताया कि मंगलवार रात से पश्चिमी उपनगरों में 82.43 मिमी बारिश हुई।

मुंबई में बारिश इतनी तेज हो रही है कि बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का साइन बोर्ड भी हवा में उड़ गया। बीएसई का साइन बोर्ड बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। मुंबई में आजतक कभी आंधी-पानी से बीएसई बोर्ड को कोई नुकसान नहीं हुआ लेकिन आज हो रही बारिश और तेज हवा की गति का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि तमाम आंधी-पानी झेलने वाला बीएसई का साइन बोर्ड भी काफी क्षतिग्रस्त हो गया।




