G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

निर्वाचन आयोग की राष्ट्रीय मीडिया एवं संचार कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के अधिकारियों की सहभागिता

रायपुर, 4 जुलाई 2026। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 3 जुलाई को नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDEM) में आयोजित दूसरी राष्ट्रीय मीडिया एवं संचार अधिकारियों की एकदिवसीय कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी की।

कार्यशाला में छत्तीसगढ़ से सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, जनसंपर्क विभाग के अपर संचालक तथा प्रदेश के सभी 33 जिलों के जिला जनसंपर्क अधिकारी शामिल हुए। सम्मेलन में 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से मीडिया नोडल अधिकारी, सोशल मीडिया नोडल अधिकारी तथा जनसंपर्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित 260 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की प्रत्येक कार्रवाई संविधान, निर्वाचन कानूनों और आयोग द्वारा समय-समय पर जारी पारदर्शी दिशा-निर्देशों के अनुरूप होती है। उन्होंने अधिकारियों से सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक और फर्जी सूचनाओं के प्रति सतर्क रहने तथा सही एवं तथ्यात्मक जानकारी के प्रसार के माध्यम से गलत सूचनाओं का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हाल के विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड मतदान लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति नागरिकों के विश्वास का प्रमाण है।

निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डीपफेक और भ्रामक डिजिटल सामग्री से उत्पन्न चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इनसे निपटने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों के माध्यम से युवा मतदाताओं को जागरूक करने की आवश्यकता भी बताई।

कार्यशाला में निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों के दौरान संचार रणनीति, मतदाता सूची प्रबंधन, मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया, ईसीआईनेट (ECINET), संवैधानिक एवं कानूनी प्रावधान, मीडिया प्रबंधन, प्रेस विज्ञप्ति लेखन, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग तथा भ्रामक सूचनाओं से निपटने जैसे विषयों पर तकनीकी एवं व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए।

प्रतिभागियों ने निर्वाचन प्रक्रिया के व्यावहारिक प्रदर्शन, प्रदर्शनी एवं मीडिया कॉर्नर का अवलोकन किया तथा हाल ही में चुनाव संपन्न कराने वाले राज्यों के अधिकारियों के साथ अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का समापन निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page