20 मई को राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ KCG
ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में देशभर के 12 लाख से अधिक केमिस्ट रहेंगे बंद में शामिल
खैरागढ़, 19 मई 2026// राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर 20 मई 2026 को देशभर में एक दिवसीय दवा व्यापार बंद रखा जाएगा। ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में बुलाए गए इस बंद में देश के लगभग 12.40 लाख से अधिक केमिस्ट एवं औषधि वितरक शामिल होंगे।
इसी तारतम्य में जिला राजनांदगांव दवा विक्रेता संघ द्वारा एकदिवसीय दवा व्यापार बंद की अग्रिम सूचना प्रशासन को दी गई है। स्थिति को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई ने आम नागरिकों से आवश्यक सावधानी बरतने और वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की अपील की है।
विभाग ने नागरिकों से कहा है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में नजदीकी अस्पताल, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से तुरंत संपर्क करें। साथ ही जिले के सभी सिविल अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों को 20 मई को 24 घंटे खुले रखने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि आमजनों को दवाइयों की उपलब्धता में परेशानी न हो।
किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति अथवा समस्या होने पर नागरिक खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के हेल्पलाइन नंबर 9340597097 पर संपर्क कर सकेंगे।
आपातकालीन स्थिति में दवाइयों की उपलब्धता के लिए जिले के कुछ मेडिकल स्टोर्स से संपर्क किया जा सकता है। खैरागढ़ में मदन मेडिकल स्टोर्स एवं फेमस मेडिकल स्टोर्स, छुईखदान में ओसवाल मेडिकल स्टोर्स तथा गण्डई में जयप्रकाश मेडिकल स्टोर्स, लक्ष्मी मेडिकल स्टोर्स, शंकर मेडिकल स्टोर्स, जयसवाल मेडिकल स्टोर्स एवं प्रीति मेडिकल स्टोर्स को आपातकालीन सेवाओं हेतु चिन्हित किया गया है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ने जिला दवा विक्रेता संघ से शांतिपूर्ण एवं वैध तरीके से बंद आयोजित करने की अपील की है। साथ ही जनहित को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन एवं जीवनरक्षक दवाइयों की आपूर्ति बनाए रखने, किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी प्रसारित नहीं करने तथा बंद के दौरान स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाए रखने का आग्रह किया गया है।

