50 हजार की सरकारी मदद से बदली मंगेश की तकदीर, बकरी पालन से कमाए 40 हजार रुपये

नारायणपुर के मंगेश पोटाई के पास आज 30 से 35 बकरियां, योजना और विभागीय मार्गदर्शन से मिला स्वरोजगार को बढ़ावा
रायपुर, 20 नवंबर। मेहनत, लगन और शासन की योजनाओं का सहयोग मिले तो छोटे स्तर पर शुरू किया गया व्यवसाय भी परिवार की आर्थिक स्थिति बदल सकता है। नारायणपुर जिले के ग्राम मातला निवासी मंगेश पोटाई ने बकरी पालन को आज अपनी आजीविका का मजबूत आधार बना लिया है। कभी आर्थिक तंगी के कारण व्यवसाय बढ़ाने में परेशानी झेलने वाले मंगेश अब 30 से 35 बकरियों के मालिक हैं। राज्य बकरी उद्यमिता विकास योजना के तहत मिली 50 हजार रुपये की सहायता और पशुधन विकास विभाग के मार्गदर्शन ने उनके स्वरोजगार के सपने को नई दिशा दी है।
50 हजार की सहायता से शुरू हुआ विस्तार
नारायणपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत मातला निवासी मंगेश पोटाई, पिता गिंजरू राम, की रुचि शुरू से ही बकरी पालन में थी। वे इसे आय का स्थायी साधन बनाना चाहते थे, लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण व्यवसाय को आगे नहीं बढ़ा पा रहे थे।
इसी दौरान उन्हें पशुधन विकास विभाग की राज्य बकरी उद्यमिता विकास योजना की जानकारी मिली। उन्होंने पशु चिकित्सालय बेनूर से संपर्क कर योजना के लिए आवेदन किया। योजना के तहत उन्हें 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली। इस राशि से उन्होंने बकरी पालन को व्यवस्थित व्यवसाय के रूप में विकसित करना शुरू किया।
35 बकरियों तक पहुंचा कारोबार
विभागीय अधिकारियों ने मंगेश को बकरियों के संतुलित आहार, साफ-सफाई, उचित आवास और नियमित स्वास्थ्य जांच के संबंध में तकनीकी जानकारी दी। इसका लाभ उन्हें अपने व्यवसाय में मिला। धीरे-धीरे बकरियों की संख्या बढ़कर 30 से 35 तक पहुंच गई।
मंगेश अब तक 10 से 12 बकरों की बिक्री कर करीब 35 से 40 हजार रुपये की आमदनी कर चुके हैं। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति को सहारा मिला है। अब वे बकरियों की संख्या बढ़ाकर कारोबार को और विस्तार देना चाहते हैं।
सरकारी योजना से बढ़ा आत्मविश्वास
मंगेश पोटाई का कहना है कि राज्य बकरी उद्यमिता विकास योजना उनके लिए आर्थिक संबल साबित हुई है। पहले पूंजी की कमी के कारण वे अपने व्यवसाय को आगे नहीं बढ़ा पा रहे थे, लेकिन शासन की सहायता और विभागीय मार्गदर्शन से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने इस सहयोग के लिए राज्य शासन और पशुधन विकास विभाग के प्रति आभार जताया।
ग्रामीण युवाओं के लिए बनी प्रेरणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के साधन बढ़ाने और पशुपालन आधारित स्वरोजगार को प्रोत्साहित कर रहा है। नारायणपुर जिले में कलेक्टर के मार्गदर्शन में पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मंगेश की कहानी बताती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद सरकारी योजनाओं, तकनीकी मार्गदर्शन और मेहनत के सहारे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार की राह बनाई जा सकती है। उनका बकरी पालन व्यवसाय अब परिवार की आमदनी बढ़ाने के साथ दूसरे ग्रामीणों के लिए भी प्रेरणा बन रहा है।


