G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

महाराष्ट्र में बंधक जैसी स्थिति में फंसे छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों को कराया मुक्त, सकुशल घर लौटे

सोलापुर में गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग के नाम पर कराया जा रहा था काम, मजदूरी नहीं मिलने और मारपीट की भी शिकायत

सारंगढ़-बिलाईगढ़ के 35 सहित जांजगीर-चांपा और सक्ती के श्रमिक शामिल, 18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चों की सुरक्षित वापसी

रायपुर। रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र गए छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों को बंधक जैसी परिस्थितियों से मुक्त कराकर प्रशासन ने सकुशल उनके घर पहुंचाया है। महाराष्ट्र के सोलापुर में गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग का काम कर रहे इन श्रमिकों से कथित तौर पर लंबे समय तक काम कराया जा रहा था, लेकिन वादे के मुताबिक मजदूरी और जरूरी सुविधाएं नहीं मिल रही थीं। शिकायत मिलने के बाद छत्तीसगढ़ के श्रम, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र पहुंचकर बचाव अभियान चलाया।

मुक्त कराए गए श्रमिकों में 18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चे शामिल हैं। इनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 35, जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती जिले के 2 श्रमिक हैं। सभी 20 नवंबर को सुरक्षित अपने गृह ग्राम पहुंच गए।

रोजगार का झांसा देकर ले गए थे महाराष्ट्र

मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की ग्राम पंचायत उलखर से सामने आया। यहां के एक श्रमिक ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर महाराष्ट्र के सोलापुर में अपने परिवार और गांव के अन्य लोगों के साथ हो रहे कथित शोषण की शिकायत की थी।

शिकायत के अनुसार, एक व्यक्ति ने नियमित मजदूरी, भोजन, आवास और बीमारी की स्थिति में इलाज की सुविधा देने का भरोसा दिलाकर श्रमिकों को गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग के काम के लिए महाराष्ट्र ले गया था। लेकिन वहां पहुंचने के बाद हालात बदल गए। श्रमिकों का आरोप था कि उनसे सुबह से रात 9 बजे तक काम कराया जाता था, जबकि साप्ताहिक मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा था। पर्याप्त राशन नहीं देने, बीमार होने के बावजूद काम कराने और मारपीट व दुर्व्यवहार की शिकायतें भी सामने आईं।

कलेक्टर के निर्देश पर महाराष्ट्र पहुंची टीम

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने 14 नवंबर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद श्रम, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर महाराष्ट्र के सोलापुर भेजी गई।

टीम ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से मौके पर पहुंचकर श्रमिकों की स्थिति का जायजा लिया। जांच में श्रमिकों से बंधक जैसी परिस्थितियों में गन्ना कटाई का काम कराए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद सभी 40 श्रमिकों को मुक्त कराकर उनकी सुरक्षित वापसी की व्यवस्था की गई।

तीन जिलों के श्रमिकों की घर वापसी

बचाव अभियान में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के उलखर, बैगनडीह, नौरंगपुर सहित अन्य गांवों के 35 श्रमिक शामिल हैं। इसके अलावा जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती जिले के 2 श्रमिकों को भी सुरक्षित वापस लाया गया।

लंबे समय से परेशानियों का सामना कर रहे श्रमिकों के घर लौटने से परिजनों ने राहत की सांस ली। श्रमिकों और उनके परिवारों ने प्रशासन के प्रति आभार जताया।

दूसरे राज्यों में काम पर जाने से पहले सतर्क रहने की अपील

जिला प्रशासन ने श्रमिकों से अपील की है कि दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए जाने से पहले ठेकेदार, बिचौलियों और कार्यस्थल की पूरी जानकारी जरूर लें। रोजगार के नाम पर किए जाने वाले झूठे वादों से सावधान रहें और श्रम विभाग में आवश्यक पंजीयन कराएं।

प्रशासन ने कहा है कि दूसरे राज्यों में काम के दौरान मजदूरी नहीं मिलने, दुर्व्यवहार, शोषण या बंधक बनाए जाने जैसी स्थिति सामने आने पर तत्काल श्रम विभाग या पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page