महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिला आत्मनिर्भरता का नया आधार

29वीं किस्त जारी होने से लाभार्थियों में उत्साह, आर्थिक सशक्तिकरण की बनी मजबूत कड़ी
रायपुर, 12 जुलाई। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की मजबूत आधारशिला बनती जा रही है। योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि सीधे अंतरित की जा रही है। इससे महिलाएं अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करने के साथ परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
11 जुलाई को योजना की 29वीं किस्त जारी होने के बाद प्रदेशभर की लाखों लाभार्थी महिलाओं में खुशी का माहौल है। महिलाओं का कहना है कि नियमित रूप से मिलने वाली सहायता राशि ने उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता का भरोसा दिया है और अब छोटे-छोटे घरेलू एवं व्यक्तिगत खर्चों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।
जशपुर जिले के कुनकुरी की लाभार्थी ज्योति पांडेय ने बताया कि पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी परिवार के अन्य सदस्यों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब योजना से मिलने वाली राशि से वे अपने दैनिक खर्च स्वयं पूरा कर रही हैं।
लाभार्थी रेहाना खातून ने बताया कि पहले वे मजदूरी कर परिवार की मदद करती थीं। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली सहायता ने उन्हें छोटा घरेलू व्यवसाय शुरू करने का आत्मविश्वास दिया। आज वे स्वयं आय अर्जित कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे रही हैं।
इसी तरह कविता शर्मा ने कहा कि योजना से मिलने वाली नियमित सहायता उनके लिए बड़ा सहारा साबित हो रही है। इससे वे अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति आसानी से कर लेती हैं और पहले की तुलना में अधिक आत्मविश्वास महसूस करती हैं।
अंजू शर्मा का कहना है कि अब उन्हें अपने छोटे-छोटे खर्चों के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। इस योजना ने उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान किया है।
लाभार्थी महिलाओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उनका कहना है कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, स्वावलंबन को प्रोत्साहित करने और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।


