G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

24 घंटे में मिली ट्राइसाइकिल, दिव्यांग गणेश राम यादव के जीवन को मिली नई रफ्तार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर अवकाश के दिन भी सक्रिय रहा प्रशासन, समाज कल्याण विभाग ने पहुंचाई मदद

रायपुर, 12 जुलाई। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम कमोसिनडांड निवासी जन्म से दिव्यांग गणेश राम यादव को महज 24 घंटे के भीतर ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई। एक मार्मिक समाचार के संज्ञान में आने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल जिला प्रशासन को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिसके बाद शासकीय अवकाश के बावजूद समाज कल्याण विभाग और प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायता सुनिश्चित की।

मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही समाज कल्याण विभाग और जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जनपद पंचायत धरमजयगढ़ के माध्यम से ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों की टीम गणेश राम यादव के घर पहुंची। उस समय वे घर पर मौजूद नहीं थे, इसलिए ट्राइसाइकिल उनके बड़े भाई विचित्र यादव को सौंपते हुए निर्देश दिए गए कि गणेश राम के घर लौटते ही उन्हें यह उपलब्ध करा दी जाए।

हाल ही में सामने आई एक तस्वीर में गणेश राम यादव हाथों के सहारे चलकर दैनिक कार्य करते दिखाई दिए थे। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वे वर्षों से ट्राइसाइकिल जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित थे। दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्र में रहने के कारण उन्हें आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने और अन्य आवश्यक कार्यों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उनकी समस्या का त्वरित समाधान किया।

ट्राइसाइकिल मिलने के बाद गणेश राम यादव के बड़े भाई विचित्र यादव ने शासन और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब तक गणेश राम को छोटी-छोटी दूरियां तय करने के लिए भी हाथों के सहारे चलना पड़ता था, जिससे उन्हें शारीरिक कष्ट के साथ सम्मानजनक जीवन जीने में भी कठिनाई होती थी। अब ट्राइसाइकिल मिलने से वे आसानी से आवागमन कर सकेंगे, अपने दैनिक कार्य स्वयं कर पाएंगे और स्वास्थ्य केंद्र, बैंक, पंचायत सहित अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचना उनके लिए सरल हो जाएगा।

गणेश राम यादव की भाभी श्रीमती चंद्रवती ने बताया कि उनके पति विचित्र यादव और देवर गणेश राम यादव दोनों जन्म से दिव्यांग हैं तथा वे स्वयं भी दिव्यांग हैं। दोनों भाइयों को नियमित रूप से दिव्यांग पेंशन मिल रही है। परिवार को महतारी वंदन योजना का लाभ भी प्राप्त हो रहा है और राशन कार्ड के माध्यम से नियमित खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्राइसाइकिल मिलने से गणेश राम का जीवन पहले की अपेक्षा काफी आसान हो जाएगा।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल और जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि महज 24 घंटे के भीतर सहायता उपलब्ध होना प्रदेश में जनकेंद्रित और जवाबदेह सुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण है। जरूरतमंदों के प्रति शासन की तत्परता से लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page