मॉडिफाइड साइलेंसरों पर कबीरधाम पुलिस की सख्त कार्रवाई, 10 साइलेंसर जेसीबी से किए गए नष्ट

मॉडिफाइड साइलेंसरों पर कबीरधाम पुलिस की सख्त कार्रवाई, 10 साइलेंसर जेसीबी से किए गए नष्ट
वाहन चालकों को दी गई चेतावनी, ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर जारी रहेगा अभियान

कवर्धा। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में कबीरधाम पुलिस द्वारा मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण स्थापित करना एवं आम नागरिकों को अनावश्यक शोर से राहत दिलाना है।
इसी क्रम में कवर्धा एसडीओपी आशीष शुक्ला, थाना प्रभारी कोतवाली योगेश कश्यप एवं कोतवाली पुलिस टीम द्वारा शहर में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान 10 वाहनों में नियमों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगे पाए गए। पुलिस ने संबंधित वाहनों को थाना कोतवाली लाकर वाहन मालिकों की उपस्थिति में मॉडिफाइड साइलेंसर निकलवाए तथा मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
अभियान के दौरान जब्त किए गए 10 मॉडिफाइड साइलेंसरों को थाना परिसर में एकत्र कर जेसीबी मशीन से कुचलकर नष्ट किया गया। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को समझाइश देते हुए कहा कि मॉडिफाइड साइलेंसरों से निकलने वाली तेज आवाज आम नागरिकों, बुजुर्गों, मरीजों एवं विद्यार्थियों के लिए परेशानी का कारण बनती है। साथ ही यह ध्वनि प्रदूषण फैलाने के साथ यातायात नियमों का भी उल्लंघन है।
एसडीओपी आशीष शुक्ला ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में ऐसे वाहनों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित मानक उपकरणों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें।
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों का संचालन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


