G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

सिंघनगढ़ में जनचौपाल, पुलिस और प्रशासन ने ग्रामीणों को किया जागरूक

सामाजिक सद्भाव, साइबर ठगी से बचाव, महिला-बाल सुरक्षा और यातायात नियमों की दी जानकारी

कवर्धा। कबीरधाम जिले के ग्राम सिंघनगढ़ में पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त उपस्थिति में जनचौपाल का आयोजन किया गया। इसमें अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर गांव में शांति, सामाजिक सद्भाव और जनसुरक्षा बनाए रखने की अपील की। साथ ही साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात नियमों और भूमि विवादों के वैधानिक समाधान के संबंध में जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में आयोजित इस जनचौपाल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और तहसीलदार अखिलेश धीवर मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को कानून का पालन करने और किसी भी समस्या का समाधान आपसी संवाद एवं वैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से करने के लिए प्रेरित किया।

अफवाहों से बचने और भाईचारा बनाए रखने की अपील

जनचौपाल में ग्रामीणों से गांव में आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी विवाद की स्थिति में संयम बरतें और बातचीत के माध्यम से समाधान तलाशें। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक खबरों और अफवाहों पर विश्वास करने या बिना पुष्टि उन्हें आगे साझा करने से बचें। किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

साइबर ठगी से बचने दी जानकारी

बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए ग्रामीणों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने या आधिकारिक साइबर अपराध पोर्टल का उपयोग करने की जानकारी दी गई।

महिला-बाल सुरक्षा और यातायात नियमों पर जोर

अधिकारियों ने महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की। वहीं, सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने से बचने की समझाइश दी गई।

भूमि विवादों का कानून के अनुसार करें समाधान

भूमि और संपत्ति से जुड़े विवादों में कानून हाथ में लेने के बजाय संबंधित राजस्व विभाग और सक्षम अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायत रखने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर समस्याओं का शांतिपूर्ण समाधान किया जा सकता है।

पुलिस-प्रशासन के अधिकारी रहे मौजूद

जनचौपाल में थाना प्रभारी सिंघनपुरी निरीक्षक राजेश चंड, थाना प्रभारी सहसपुर लोहारा निरीक्षक मनीष मिश्रा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कबीरधाम पुलिस का उद्देश्य सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से ग्रामीणों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना, अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पुलिस-जनता के बीच विश्वास मजबूत करना है। जनचौपाल को इसी दिशा में ग्रामीणों तक पहुंच बनाने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page