अखिलेश कौशिक पदोन्नत होकर बने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक

आईजी अजय कुमार यादव ने कंधों पर बैच लगाकर दी बधाई, कबीरधाम पुलिस परिवार में खुशी

कवर्धा। कबीरधाम जिले में पदस्थ एसडीओपी बोडला/क्राइम अखिलेश कौशिक को पदोन्नत कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग की ओर से 15 अक्टूबर को जारी आदेश के तहत राज्य पुलिस सेवा के वरिष्ठ श्रेणी वेतनमान प्राप्त अधिकारियों को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं समकक्ष पदों पर पदोन्नति दी गई है। इसी क्रम में कौशिक को यह जिम्मेदारी मिली है।
पदोन्नति के अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव ने उनके कंधों पर बैच लगाकर बधाई दी और नए दायित्वों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कौशिक की पदोन्नति पर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पटेल सहित कबीरधाम पुलिस परिवार ने हर्ष व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि कौशिक अपने अनुभव, कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता से नई जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे।
बोडला अनुविभाग और क्राइम शाखा में पदस्थ रहते हुए कौशिक ने पुलिस संबंधी दायित्वों का निर्वहन किया। उनकी पदोन्नति को पुलिस सेवा में उनके अनुभव और कार्यक्षमता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। नए पद पर उनसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए और प्रभावी कार्य करने की अपेक्षा है।

