G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

सेवा सेतु केंद्र से विवाह प्रमाण पत्र बनवाना हुआ आसान, नव दंपत्तियों को मिल रही समयबद्ध सुविधा

कवर्धा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन और डिजिटल प्रशासन को बढ़ावा देने की दिशा में संचालित सेवा सेतु केंद्र आम नागरिकों के लिए शासकीय सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बना रहे हैं। अब नव दंपत्तियों के लिए विवाह प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया भी पहले की तुलना में काफी आसान हो गई है। सेवा सेतु केंद्र में आवेदन करने के बाद संबंधित विभाग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर समय पर विवाह प्रमाण पत्र जारी किया जा रहा है।

कबीरधाम जिले के ग्राम राम्हेपुर निवासी फलित पुरेना एवं उनकी पत्नी प्रियंका पुरेना ने इस सुविधा का लाभ उठाया। लगभग दो माह पूर्व विवाह बंधन में बंधे इस दंपत्ति को विभिन्न शासकीय कार्यों के लिए विवाह प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। उन्होंने सेवा सेतु केंद्र में आधार कार्ड, विवाह के फोटो, शपथ पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत किया। केंद्र के कर्मचारियों ने सभी दस्तावेजों का ऑनलाइन पंजीयन कर आवेदन संबंधित विभाग को भेजा, जिसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने पर विवाह प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।

फलित पुरेना ने बताया कि पूरी प्रक्रिया बेहद सहज और पारदर्शी रही। उन्हें किसी कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़े और न ही किसी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ा। एक ही स्थान पर आवेदन, दस्तावेजों का सत्यापन और निर्धारित समय में प्रमाण पत्र प्राप्त होने से समय, श्रम और धन—तीनों की बचत हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु केंद्र जैसी व्यवस्था से आम नागरिकों को शासकीय सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।

86 से बढ़कर 441 से अधिक सेवाएं उपलब्ध

राज्य सरकार ने नागरिक सुविधाओं के विस्तार के उद्देश्य से पूर्व के ई-डिस्ट्रिक्ट प्लेटफॉर्म को उन्नत कर सेवा सेतु विकसित किया है। पहले जहां केवल 86 सेवाएं उपलब्ध थीं, वहीं अब इस प्लेटफॉर्म पर 441 से अधिक सेवाएं उपलब्ध हैं। इनमें 54 नई सेवाएं जोड़ी गई हैं तथा विभिन्न विभागों की 329 री-डायरेक्ट सेवाओं का एकीकरण किया गया है। वर्तमान में 30 से अधिक विभाग इस प्लेटफॉर्म से जुड़े हैं, जिससे नागरिकों को अलग-अलग पोर्टलों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

कबीरधाम जिले में 332 सेवा सेतु केंद्र संचालित

कबीरधाम जिले के सभी 08 तहसील कार्यालयों में सेवा सेतु केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा जिले में 332 सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को भी विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है और आम लोगों का समय एवं खर्च दोनों बच रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page