25 मई तक मई-जून माह का शत प्रतिशत खाद्यान्न वितरण पूर्ण करने के निर्देश

जिले के सभी 516 राशन दुकानों में भंडारण पूर्ण
हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराने मुनादी एवं प्रचार-प्रसार के निर्देश
कवर्धा, 21 मई 2026/ राज्य शासन द्वारा जिलों में खाद्य विभाग को आगामी 25 मई तक मई और जून माह के खाद्यान्न का शत प्रतिशत वितरण करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों को 25 मई तक नियमित रूप से संचालित करने कहा गया है, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न प्राप्त हो सके।
हितग्राहियों को समय सीमा की जानकारी देने के लिए ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर पर आवश्यक मुनादी तथा व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला खाद्य अधिकारी ने कहा है कि सभी पात्र हितग्राही निर्धारित तिथि के भीतर अपना खाद्यान्न प्राप्त कर लें, ताकि कोई भी व्यक्ति खाद्यान्न प्राप्ति से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि जिले की सभी 516 राशन दुकानों में अप्रैल, मई और जून माह के राशन का भंडारण शत प्रतिशत किया जा चुका है।


