G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

डॉ. तीजन बाई के नाम पर होगा गनियारी का शासकीय हाई-हायर सेकेंडरी स्कूल, शिक्षा मंत्री ने की घोषणा

अंतिम संस्कार में शामिल होकर शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने दी श्रद्धांजलि, कहा- आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगी तीजन बाई

रायपुर/गनियारी। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने विश्वविख्यात पंडवानी गायिका एवं डॉ. तीजन बाई के गृहग्राम गनियारी पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे उनकी अंतिम यात्रा और अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने घोषणा की कि गनियारी स्थित शासकीय हाई-हायर सेकेंडरी स्कूल का नामकरण “डॉ. तीजन बाई शासकीय हाई-हायर सेकेंडरी विद्यालय, गनियारी” किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय महान लोककलाकार के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगा और इससे आने वाली पीढ़ियां उनके प्रेरणादायी जीवन, संघर्ष और सांस्कृतिक योगदान से प्रेरणा ले सकेंगी।

श्री यादव ने कहा कि डॉ. तीजन बाई ने अपनी अद्वितीय कला-साधना, ओजस्वी प्रस्तुति और आजीवन समर्पण से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई। उनका निधन प्रदेश की सांस्कृतिक चेतना के एक स्वर्णिम अध्याय का अवसान है।

उन्होंने कहा कि डॉ. तीजन बाई का संपूर्ण जीवन लोकपरंपराओं, संस्कृति और कला के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित रहा। उनकी कला साधना, संघर्ष और उपलब्धियां सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी तथा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को विश्व पटल पर स्थापित करने में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

शिक्षा मंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों और उनके असंख्य प्रशंसकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page