एसबीआई आरसेटी खैरागढ़ द्वारा A-HELP (पशु सखी) प्रशिक्षणार्थियों का फील्ड विजिट आयोजित

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला प्रतिनिधि KCG
खैरागढ़ : भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (एसबीआई आरसेटी), खैरागढ़ द्वारा संचालित A-HELP (पशु सखी) प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 28.06.2026 को प्रशिक्षणार्थियों का फील्ड विजिट ग्राम संडी, विकासखंड छुईखदान में आयोजित किया गया।
फील्ड विजिट के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को आधुनिक पशुपालन एवं डेयरी व्यवसाय की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। प्रतिभागियों ने शासकीय पशु चिकित्सालय, संडी का भ्रमण कर पशुओं की स्वास्थ्य सेवाओं, ईयर टैगिंग, कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण, डेयरी प्रबंधन तथा दुग्ध उत्पादन संबंधी प्रक्रियाओं को प्रत्यक्ष रूप से देखा एवं समझा।
वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. राम पाल टंडन ने प्रशिक्षणार्थियों को पशु स्वास्थ्य प्रबंधन, रोगों की रोकथाम, टीकाकरण एवं वैज्ञानिक पशुपालन के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। वहीं विजय वर्मा (PIW) ने पशुओं में कृत्रिम गर्भाधान की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए प्रशिक्षणार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
भ्रमण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने माधुरी जंघेल (राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार से सम्मानित) के दुग्ध शीतलीकरण केंद्र का भी अवलोकन किया, जहां उन्हें दूध संग्रहण, गुणवत्ता परीक्षण एवं शीतलीकरण की वैज्ञानिक प्रक्रिया से परिचित कराया गया।
इसके पश्चात उन्नत पशुपालक ओम प्रकाश वर्मा के डेयरी फार्म का भ्रमण कराया गया, जहां विभिन्न नस्लों के पशुओं का पालन, हरे चारे का उत्पादन, साइलेज निर्माण एवं साइलेज मशीन के उपयोग सहित आधुनिक डेयरी प्रबंधन की जानकारी दी गई। साथ ही मालती, प्रगतिशील पशुपालक, द्वारा पशुपालन से जुड़े अपने अनुभव साझा किए गए, जिससे प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरणा मिली।
इस अवसर पर आरसेटी फैकल्टी ओमजी मिश्रा, अभिषेक तिवारी, कार्यालय सहायक संतोष कुमार तथा पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी विशेषज्ञों ने प्रशिक्षणार्थियों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक पशुपालन अपनाकर स्वरोजगार के बेहतर अवसर विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को व्यवहारिक अनुभव प्रदान कर उन्हें आधुनिक पशुपालन, डेयरी उद्यमिता एवं ग्रामीण आजीविका संवर्धन के लिए सक्षम बनाना रहा। प्रशिक्षणार्थियों ने इस फील्ड विजिट को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।


