G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

नवा रायपुर में चलेंगी ई-बसें, सड़क परियोजनाओं पर भी मंथन

रायपुर, 19 अगस्त। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक हुई। इसमें नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) और लोक निर्माण विभाग की विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

नवा रायपुर में ई-बस संचालन की तैयारी

बैठक में नवा रायपुर में बैटरी से संचालित एसी ई-बसों के डिजाइन, खरीदी, आपूर्ति, संचालन और रखरखाव के लिए ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर निविदा आमंत्रित करने के प्रस्ताव पर विस्तार से विचार किया गया। अधिकारियों ने परियोजना के तकनीकी और क्रियान्वयन से जुड़े पहलुओं की जानकारी समिति के सामने रखी।

इसके साथ ही छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के कार्यालय सहित अन्य कार्यालय भवनों के निर्माण से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। परियोजनाओं की जरूरत और निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।

रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन पर चर्चा

लोक निर्माण विभाग की ओर से रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन मार्ग के निर्माण प्रस्ताव पर भी विस्तार से चर्चा हुई। करीब 37 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से संबंधित तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने प्रभावित भूमि के अर्जन, भूमि व्यपवर्तन और निर्माण कार्य की तैयारियों की जानकारी दी।

अकलतरा बायपास का प्रस्ताव भी सामने आया

जांजगीर-चांपा जिले में करीब 6.70 किलोमीटर लंबे अकलतरा बायपास मार्ग के निर्माण प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया। समिति ने परियोजना के तकनीकी एवं निर्माण संबंधी पहलुओं की समीक्षा करते हुए आगे की आवश्यक प्रक्रिया पर चर्चा की।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव भुवनेश यादव, ऊर्जा विभाग के सचिव सारांश मित्तर, एनआरडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित लोक निर्माण, वित्त एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page