बेसहारा गोवंश से बढ़ीं सड़क दुर्घटनाएं, किसानों की फसलें हो रहीं चौपट, स्थायी समाधान की मांग

कवर्धा। कबीरधाम जिले में बेसहारा गोवंश की बढ़ती संख्या अब किसानों और आम नागरिकों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। वहीं रात के समय यही गोवंश किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।

भारतीय किसान संघ के जिला प्रचार प्रमुख दिनेश चंद्रवंशी ने बताया कि जिले में प्रतिदिन औसतन 3 से 4 गोवंश सड़क दुर्घटनाओं का शिकार होकर अपनी जान गंवा रहे हैं। इससे वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। उन्होंने कहा कि किसान दिनभर खेतों में मेहनत करते हैं, लेकिन पूरी रात खेतों की रखवाली करना संभव नहीं होता। ऐसे में बेसहारा गोवंश फसलों को चरकर भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि लगभग एक वर्ष पहले मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली थी कि भोरमदेव क्षेत्र में बेसहारा गोवंश के संरक्षण के लिए गौ अभ्यारण्य बनाया जाएगा, जहां जिले के सभी निराश्रित गोवंश को रखा जाएगा। लेकिन आज तक न तो अभ्यारण्य का निर्माण हुआ और न ही कोई ठोस व्यवस्था दिखाई दे रही है। इससे यह योजना केवल घोषणा तक सीमित नजर आती है।
दिनेश चंद्रवंशी ने कहा कि राज्य में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद गौवंश सड़क दुर्घटनाओं में दम तोड़ रहे हैं और किसानों की फसलें लगातार बर्बाद हो रही हैं। उन्होंने सरकार, जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की।
उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह के भीतर ही इंदौरी नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में 6 गोवंश की मौत हो चुकी है, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है। भारतीय किसान संघ ने प्रशासन से बेसहारा गोवंश के संरक्षण, किसानों की फसलों की सुरक्षा तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।


