धरसींवा विधानसभा को मिली निःशुल्क एम्बुलेंस की सौगात, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं होंगी मजबूत

डीएमएफ से 19.65 लाख रुपये की लागत से उपलब्ध कराई गई आधुनिक एम्बुलेंस
रायपुर, 3 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को निःशुल्क एम्बुलेंस की सौगात दी। मुख्यमंत्री निवास से आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और चालक को वाहन की चाबी सौंपी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हर जीवन अनमोल है और समय पर उपचार उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि आपात परिस्थितियों में नागरिकों को त्वरित और बेहतर चिकित्सा सहायता मिल सके।
गंभीर मरीजों को समय पर मिलेगा उपचार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उपचार के शुरुआती क्षण किसी भी मरीज के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। समय पर अस्पताल पहुंचने से कई गंभीर परिस्थितियों में जीवन बचाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि यह एम्बुलेंस गर्भवती महिलाओं, गंभीर मरीजों, बुजुर्गों तथा सड़क दुर्घटना सहित अन्य आकस्मिक घटनाओं में घायल लोगों को शीघ्र स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
डीएमएफ से 19.65 लाख रुपये में खरीदी गई एम्बुलेंस
धरसींवा विधायक श्री अनुज शर्मा ने बताया कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से आधुनिक एम्बुलेंस की आवश्यकता थी। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से लगभग 19 लाख 65 हजार रुपये की लागत से अत्याधुनिक एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरसींवा को सौंपा गया है, जहां से इसका संचालन किया जाएगा। यह सुविधा क्षेत्रवासियों के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। अस्पतालों के उन्नयन, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, दवाओं की उपलब्धता और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में कई पहल की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध समाज और विकसित राज्य की आधारशिला होते हैं। इसलिए जनस्वास्थ्य से जुड़े हर प्रयास को सरकार प्राथमिकता दे रही है।
यह निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा धरसींवा क्षेत्र के हजारों नागरिकों को आपातकालीन स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता को नई मजबूती प्रदान करेगी।

