जिले के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, कलेक्टर ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

खैरागढ़ : जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल द्वारा राज्य स्तरीय कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता को जिले के लिए गौरव का विषय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने कक्षा 12वीं की राज्य मेरिट सूची (टॉप 10) में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र वैभव रत्नाकर को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि पर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने वैभव को आगे की पढ़ाई के लिए प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों में प्रवेश लेकर सिविल सेवा परीक्षा (आईएएस/आईपीएस) की तैयारी करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने सफलता के लिए अनुशासन, निरंतर अध्ययन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण को आवश्यक बताया।
इसी क्रम में कक्षा 10वीं के जिला स्तरीय टॉप 10 में स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा चंचल वर्मा को भी कलेक्टर द्वारा बधाई दी गई। उन्होंने चंचल को कक्षा 11वीं में गणित विषय का चयन कर एकाग्रता एवं नियमित अध्ययन के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी, जिससे वह उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता अर्जित कर सके।
कलेक्टर ने कहा कि जिले के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से ही विद्यार्थी इस मुकाम तक पहुंच पाते हैं।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल के.पी. साव, सहायक नोडल अधिकारी समग्र शिक्षा आत्मा राम साहू, संबंधित संस्थाओं के प्राचार्य एवं पालकगण उपस्थित रहे तथा सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


