G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

खामोशी में बीत रहा था बचपन, अब सुनाई देंगी दुनिया की आवाजें

चिरायु योजना बनी सहारा: डुंडेरा की जीविका का एम्स रायपुर में सफल कॉक्लियर इम्प्लांट, डोंगरगढ़ आरबीएसके टीम ने दिखाई संवेदनशीलता

रायपुर, 3 अगस्त 2026। जन्मजात श्रवण बाधिता के कारण अब तक खामोशी में जीवन बिता रही राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम डुंडेरा की नन्हीं जीविका के जीवन में अब नई उम्मीद की किरण जगी है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) की पहल से जीविका का एम्स रायपुर में सफल कॉक्लियर इम्प्लांट किया गया है। अब नियमित स्पीच थेरेपी और पुनर्वास के बाद वह धीरे-धीरे आवाजों की दुनिया से जुड़ सकेगी।

जीविका के लिए यह बदलाव किसी सपने से कम नहीं है। जन्म से ही सुनने में परेशानी के कारण वह सामान्य बच्चों की तरह आवाजों को महसूस नहीं कर पाती थी और बोलने में भी कठिनाई हो रही थी। परिवार के लिए यह चिंता का विषय था, लेकिन समय पर हुई स्वास्थ्य जांच और सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के सहयोग ने उनकी उम्मीदों को नई दिशा दी।

आंगनबाड़ी केंद्र में हुई पहचान, चिरायु टीम ने बढ़ाया मदद का हाथ

ग्राम डुंडेरा के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में नियमित स्वास्थ्य जांच के दौरान राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की आरबीएसके टीम-ए, डोंगरगढ़ ने जीविका की समस्या को पहचाना। टीम ने तत्काल चिकित्सकीय जांच कराई और विशेषज्ञों से परामर्श के बाद उसे उच्च उपचार के लिए एम्स रायपुर रेफर किया।

एम्स रायपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जीविका का सफल कॉक्लियर इम्प्लांट किया गया। अब स्पीच थेरेपी और पुनर्वास प्रक्रिया के माध्यम से जीविका धीरे-धीरे सुनने और बोलने की क्षमता विकसित कर सकेगी।

समय पर पहचान और उपचार से बदल रहा बच्चों का भविष्य

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के अंतर्गत जन्मजात विकार, पोषण संबंधी समस्याएं, विकास में देरी और गंभीर बीमारियों की पहचान कर बच्चों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है। जरूरत पड़ने पर बच्चों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में भेजकर आधुनिक उपचार सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।

जीविका की कहानी इस बात का उदाहरण है कि बीमारी की समय पर पहचान और सही उपचार से बच्चों का भविष्य बदला जा सकता है। डोंगरगढ़ की चिरायु टीम के प्रयासों ने एक बच्ची को नई जिंदगी की ओर बढ़ने का अवसर दिया है।

अब जीविका के घर में सिर्फ मुस्कान ही नहीं, बल्कि जल्द ही आवाजों की नई दुनिया भी गूंजने वाली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page