बड़े बचेली ने डिजिटल अडॉप्शन में देश में हासिल किया पहला स्थान, दंतेवाड़ा को मिला दूसरा स्थान; छत्तीसगढ़ को कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कार

बचेली ने रचा इतिहास, दंतेवाड़ा ने भी बढ़ाया मान; छोटे कारोबारियों के सशक्तिकरण में बस्तर की बड़ी उपलब्धि।
बचेली/दंतेवाड़ा। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस उपलब्धि में दंतेवाड़ा जिले के दो नगरीय निकायों बड़े बचेली और दंतेवाड़ा ने पूरे देश में अपनी विशेष पहचान बनाई है। स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 में नगर पालिका परिषद बड़े बचेली ने डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा ने दूसरा स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है।
भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ को कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इनमें राज्य स्तर पर दो पुरस्कार तथा नगरीय निकायों के तीन पुरस्कार शामिल हैं।
बड़े बचेली ने देश में लहराया परचम, दंतेवाड़ा दूसरे स्थान पर
इस राष्ट्रीय उपलब्धि में सबसे खास बात यह रही कि एक लाख से कम आबादी वाले नगरीय निकायों की डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में नगर पालिका परिषद बड़े बचेली ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा ने दूसरा स्थान हासिल किया। दोनों निकायों की यह सफलता दंतेवाड़ा जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
इसके अलावा एक लाख से दस लाख तक की आबादी वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में नगर पालिक निगम बिलासपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
पुरस्कार समारोह में बचेली और दंतेवाड़ा के जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में नगर पालिका परिषद बड़े बचेली की ओर से नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल, पालिका उपाध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.टी.एम. कृष्णा राव उपस्थित रहे। वहीं नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा की अध्यक्ष पायल गुप्ता भी समारोह में शामिल हुईं।
दोनों नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में जिले की इस उपलब्धि ने समारोह को खास बना दिया। बड़े बचेली को देश में प्रथम और दंतेवाड़ा को द्वितीय स्थान मिलने से जिले का गौरव राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है।
छत्तीसगढ़ को फास्टेस्ट मूवर्स में पहला, नवाचार में दूसरा स्थान
राज्य ने पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ को फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान तथा इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने राज्य स्तरीय दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू उपस्थित रहे।
छोटे व्यापारियों को आर्थिक मजबूती देने का मिला सम्मान
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यवसाय करने वाले पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण उपलब्ध कराकर उनकी आजीविका मजबूत करना तथा डिजिटल लेनदेन के लिए प्रोत्साहित करना है।
योजना के तहत पथ विक्रेताओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने और स्वरोजगार के अवसरों को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में बेहतर कार्यप्रणाली और नवाचारों के लिए छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों को राष्ट्रीय सम्मान मिला है।
मुख्यमंत्री ने जताई खुशी, अरुण साव ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश को मिली इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है।
वहीं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को राष्ट्रीय सम्मान मिलना नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है।
जिले के लिए गौरव का क्षण
बड़े बचेली का देश में पहला और दंतेवाड़ा का दूसरा स्थान प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि छोटे नगरीय निकाय भी बेहतर प्रशासनिक कार्यप्रणाली, तकनीकी नवाचार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
यह उपलब्धि नगर पालिका परिषद बड़े बचेली और दंतेवाड़ा के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भी गौरव का विषय है। राष्ट्रीय सम्मान ने एक बार फिर बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को विकास एवं सुशासन के राष्ट्रीय नक्शे पर खास पहचान दिलाई है।

