बाबा विश्वेश्वर महादेव मंदिर चोरी कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम पुलिस और साइबर सेल की तकनीकी जांच से मिली सफलता, एक आरोपी अब भी फरार
कवर्धा, 15 जुलाई 2026। कबीरधाम पुलिस ने ग्राम सिल्हाटी स्थित बाबा विश्वेश्वर महादेव मंदिर में हुई चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बोडला के पर्यवेक्षण में चौकी पौड़ी एवं थाना बोडला पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से तकनीकी एवं वैज्ञानिक जांच के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सिल्हाटी निवासी रोहित कुमार चंद्रवंशी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 और 5 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने बाबा विश्वेश्वर महादेव मंदिर का दरवाजा तोड़कर भगवान महादेव के शिवलिंग में स्थापित चांदी का त्रिकुंड तथा माता गौरी की प्रतिमा का चांदी का मुकुट चोरी कर लिया। चोरी गई सामग्री का वजन लगभग 20 तोला और अनुमानित कीमत 35 हजार रुपये बताई गई।
प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान लिए। साथ ही मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। जांच के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी अश्वनी आहिरे के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। तीनों मोटरसाइकिल से मंदिर पहुंचे थे। अश्वनी आहिरे मंदिर के अंदर घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया, जबकि मनजीत पुरले और सुनील गोस्वामी बाहर निगरानी करते रहे। बाद में चोरी की संपत्ति को अपने पास रखकर दोनों साथियों को चार-चार हजार रुपये देने की बात भी सामने आई।
पुलिस ने आरोपी मनजीत पुरले के कब्जे से एक मोबाइल फोन, नगद राशि तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (CG 28 V 1888) जब्त की। वहीं सुनील गोस्वामी के कब्जे से भी मोबाइल फोन और नगद राशि बरामद की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- मनजीत पुरले (30 वर्ष), निवासी देवरी, थाना मुंगेली, जिला मुंगेली।
- सुनील गोस्वामी (29 वर्ष), निवासी जमखोर, थाना मुंगेली, जिला मुंगेली।
मामले का तीसरा आरोपी अश्वनी आहिरे अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी और चोरी गई शेष संपत्ति की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि धार्मिक स्थलों सहित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



