उपचार के बहाने युवती से दुष्कर्म का आरोप, आयुर्वेदिक चिकित्सक गिरफ्तार

लोहारा पुलिस की 24 घंटे में कार्रवाई, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
कवर्धा, 15 जुलाई 2026। कबीरधाम जिले के लोहारा थाना क्षेत्र में उपचार के बहाने मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आयुर्वेदिक चिकित्सक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को पीड़िता के परिजन ने थाना लोहारा में शिकायत दर्ज कराई कि बिडोरा स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सक बालक दास चंदेल ने उपचार के बहाने उनकी मानसिक रूप से अस्वस्थ पुत्री के साथ जबरन दुष्कर्म किया।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 97/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) के तहत प्रकरण कायम कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान साक्ष्य एकत्रित कर पुलिस ने आरोपी बालक दास चंदेल (35 वर्ष), निवासी ढोढमानवापारा को 15 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी संजय ध्रुव के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी शालिनी वर्मा, उप निरीक्षक राजेश्वर सिंह ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक संदीप चौबे, प्रधान आरक्षक बलदाऊ भट्ट तथा आरक्षक रवि जायसवाल, तुषांत साहू और बिसेन छेदावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने कहा है कि महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर और त्वरित कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



