उर्वरकों की कालाबाजारी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, बेमेतरा में 275 बोरी यूरिया जब्त

रायपुर, 4 जुलाई 2026। खरीफ सीजन 2026 के दौरान किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध भंडारण के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के तहत बेमेतरा जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 275 बोरी यूरिया जब्त की है।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देश और कृषि विभाग के उप संचालक मोरध्वज डडसेना के मार्गदर्शन में गठित जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल लगातार औचक निरीक्षण और छापेमारी कर रहा है।
गोपनीय सूचना के आधार पर उड़नदस्ता दल ने ग्राम जानो, तहसील देवकर स्थित अँजोर वर्मा के परिसर में छापा मारा। जांच के दौरान उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 का उल्लंघन करते हुए 275 बोरी यूरिया का अवैध भंडारण पाया गया। प्रशासन ने मौके पर पूरा स्टॉक जब्त कर संबंधित व्यक्ति को कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जब्त किए गए उर्वरकों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं, ताकि किसानों को केवल मानक गुणवत्ता वाले उर्वरक ही उपलब्ध कराए जा सकें।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी, अवैध भंडारण या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। दोषी पाए जाने पर उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति में कृत्रिम अभाव या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने किसानों और आम नागरिकों से भी अपील की है कि उर्वरकों से जुड़ी किसी भी अनियमितता की जानकारी तत्काल कृषि विभाग या जिला प्रशासन को दें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखते हुए त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

