G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
Baloda BazarChhattisgarhINDIAखास-खबर

नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म का आरोपी बिलासपुर से गिरफ्तार, पीड़िता सकुशल बरामद


करहीबाजार पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज


बलौदाबाजार-भाटापारा। करहीबाजार पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को बिलासपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को 17 वर्षीय नाबालिग बालिका के घर से लापता होने पर उसकी मां ने करहीबाजार चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में गठित टीम ने लगातार तलाश के बाद बालिका को सकुशल बरामद किया। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपी आशिष निर्मलकर (22) निवासी ग्राम मेढ़रा, जिला बिलासपुर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में बीएनएस की धारा 87 एवं 64(1) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 जोड़ दी। इसके बाद करहीबाजार पुलिस ने बिलासपुर जिले के थाना संकरी क्षेत्र स्थित ग्राम मेढ़रा में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
महिला एवं नाबालिगों से जुड़े अपराधों के मामलों में जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों के विरुद्ध सख्त और त्वरित कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page