G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

राष्ट्रीय मंच पर चमकी धमतरी की अभिनव पहल: सीएससी स्थापना दिवस पर PACS ड्रोन मॉडल को मिली विशेष पहचान

रायपुर, 18 जुलाई 2026। कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के 17वें स्थापना दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित धोनो धान्यो ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले की अभिनव पहल PACS ड्रोन मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिली। कार्यक्रम में प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) के माध्यम से संचालित ड्रोन सेवाओं, डिजिटल क्रॉप सर्वे और किसान पंजीयन (फार्मर रजिस्ट्री) जैसे नवाचारों की सराहना की गई।

समारोह के मुख्य अतिथि पश्चिम बंगाल सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री  दिलीप घोष थे। इस अवसर पर जिला पंचायत धमतरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने “PACS के माध्यम से कृषि उन्नयन” विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में भाग लेते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में ड्रोन सेवाओं के विस्तार और PACS को ‘वन स्टॉप रूरल सर्विस सेंटर’ के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना प्रस्तुत की।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में धमतरी जिले की 10 प्राथमिक कृषि साख समितियों के माध्यम से ड्रोन से तरल उर्वरकों का छिड़काव किया जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ में अपनी तरह की एक अभिनव पहल है। भविष्य में PACS के जरिए किसानों को कृषि यंत्रीकरण, डिजिटल सेवाएं, फसल सर्वेक्षण, किसान पंजीयन, वित्तीय एवं बैंकिंग सेवाएं सहित अनेक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक कृषि तकनीकों की पहुंच बढ़ेगी और किसानों को तकनीक आधारित सेवाओं का लाभ आसानी से मिलेगा।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के उपयोग को किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीएससी-वीएलई को सम्मानित भी किया गया।

समारोह में पश्चिम बंगाल शासन के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के अपर मुख्य सचिव, भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय के सचिव तथा सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी अखिल कुमार सहित देशभर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और सीएससी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page