छत्तीसगढ़ स्कूल सफाई कर्मचारी कल्याण संघ मंगलवार को अपने विभिन्न मांगो को लेकर करेंगे पैदल मार्च रैली……

छत्तीसगढ़ स्कूल सफाई कर्मचारी कल्याण संघ ने अपने विभिन्न मांगो को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा…… पोड़ी से कवर्धा तक पैदल मार्च रैली निकाल कर कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन…

कवर्धा :- छत्तीसगढ़ स्कूल सफाई कर्मचारी कल्याण संघ जिला कबीरधाम विकासखंड बोड़ला के द्वारा मंगलवार को पोड़ी से मिनीमाता चौक होते हुए कलेक्टर कार्यालय तक पैदल यात्रा करके अपने विभिन्न मांगो को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। पैदल मार्च रैली में हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष शामिल होंगे।
सफाई कर्मचारियों ने बताया है कि छत्तीसगढ़ अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारी कल्याण संघ छत्तीसगढ़ के सदस्य राज्य के सभी जिलों में सन् 2007-08 एवं 2011 से कार्य कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के स्कूलों में हजारों सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं। स्कूल सफाई कर्मचारी द्वारा स्कूल प्रांगण की साफ सफाई, कक्षाओं की साफ सफाई, पेयजल की व्यवस्था, पालक रजिस्टर में हस्ताक्षर कराना, मध्याह्व भोजन की चावल की व्यवस्था करना इन सारे कार्यों को करते आ रहे हैं। इसके एवज में इनको वर्तमान में मात्र दो हजार रूपये मासिक प्रदाय किया जाता है।
वर्तमान समय में अल्प मानदेय से परिवार का भरण पोषण करना मुश्किल है। सन् 2011 से लगातार स्कूल सफाई कर्मचारी संघ शासन को अपनी मांगों को अवगत कराते आ रहे हैं, परन्तु शासन के मंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा इन्हें केवल आश्वासन ही दिया गया।वहीं इस महंगाई के दौर में स्कूल सफाई कर्मचारियों को मात्र 2 हजार रुपए भत्ता दिया जा रहा है। सरकार की वादाखिलाफी से नाराज स्कूल सफाई कर्मचारी संघ ने पैदल मार्च रैली निकाल करके ज्ञापन सौंपेंगे।
प्रदेश की स्कूलों में कार्यरत सफाई कर्मचारी दुखी होकर अपनी मांग अंशकालीन से पूर्ण कालीन करने को लेकर पोड़ी से कवर्धा पैदल मार्च निकाल कर शासन प्रशासन से यही चाहते हैं कि हमारे परिवार का भरण पोषण हो सके इस प्रकार का एक वेतनमान प्रदान किया जाए।
पैदल यात्रा की सूचना कलेक्टर, एसडीएम , अनुविभागीय अधिकारी , शिक्षा अधिकारियों व अन्य विभागीय अधिकारियों को देकर इनके द्वारा मंगलवार को पैदल यात्रा शुरू किया जाएगा। इस पैदल मार्च रैली में सफ़ाई संघ के सदस्यों सहित काफी संख्या में महिला एवं पुरुष शामिल होंगे।




