देवदहरा में स्वयंसेवकों एवं ग्रामीणों को दी गई प्राथमिक सहायता की जानकारी

कबीरधाम। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) दसरंगपुर इकाई द्वारा ग्राम देवदहरा में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान जिला रेडक्रॉस सोसायटी कबीरधाम के सहयोग से प्राथमिक सहायता एवं स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

बालाराम साहू, वाइस चेयरमेन रक्तदान उपसमिति, रायपुर एवं जीवन कौशिक, वाइस चेयरमेन रेडक्रॉस कबीरधाम द्वारा CPR, चोकिंग, सिकल सेल एवं रक्तदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में CPR (हृदय एवं श्वास संबंधी आपातकालीन सहायता), चोकिंग (गले में भोजन या वस्तु फंसने पर प्राथमिक उपचार), सिकल सेल रोग तथा रक्तदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी श्री हेमधर साहू, रेडक्रॉस प्रभारी श्री देवचरण चंद्रवंशी एवं प्रधान पाठक श्री सीताराम साहू सहित ग्रामीणजनों एवं शिविर में शामिल स्वयंसेवक विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि डेमो (प्रदर्शन) के माध्यम से CPR, चोकिंग में प्राथमिक उपचार तथा अन्य आवश्यक प्राथमिक सहायता का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।
वक्ताओं ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक सहायता का सही ज्ञान किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। प्रत्येक नागरिक को प्राथमिक उपचार, रक्तदान एवं स्वास्थ्य जागरूकता के प्रति सजग होना चाहिए।
इस प्रकार राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर में रेडक्रॉस के माध्यम से स्वास्थ्य एवं मानव सेवा के प्रति जागरूकता का सराहनीय प्रयास किया गया।



