अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस पर कृषक सहयोग संस्थान ने किए कार्यक्रम और निकाला जागरूकता मार्च

कवर्धा। भारत को 2030 तक बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प के साथ देशभर में चल रही इस मुहिम की गूंज कृषक सहयोग संस्थान में भी सुनाई दी। बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के पहले अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर नागरिक समाज संगठन कृषक सहयोग संस्थान ने जिले में विभिन्न जागरूकता और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए। कृषक सहयोग संस्थान ने बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए काम करने वाले नागरिक समाज संगठनों के देश के सबसे बड़े नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन का सहयोगी संगठन है।
इस दौरान निकाले गए कैंडल मार्च में बाल विवाह से प्रभावित महिलाओं, बच्चों, पुरुषों और समाज के विभिन्न वर्गों के हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। लोगों ने न केवल बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी समाज को इस अपराध के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। अभियान की खास बात यह रही कि इसमें केवल आम नागरिक ही नहीं, बल्कि विवाह समारोहों से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी हितधारक भी शामिल हुए। भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प को दोहराते हुए डॉ एचबी सेन ने कहा, “हम पिछले तीन वर्षों से सरकार और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के साथ मिलकर बाल विवाह के खात्मे के लिए लगातार काम कर रहे हैं। यह केवल एक अपराध को समाप्त करने का अभियान नहीं, बल्कि देश की बच्चियों को उनका बचपन, शिक्षा और अपने भविष्य को चुनने का अधिकार दिलाने की लड़ाई है। विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब हमारी बेटियां शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर हों। बाल विवाह इस राह की सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। हमारे लिए यह गर्व की बात है कि जिले में शुरू हुई हमारी यह मुहिम आज वैश्विक आंदोलन का रूप ले चुकी है। हमें विश्वास है कि सरकार, प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयासों से हम अपने जिले को बाल विवाह मुक्त बना सकेंगे।”
भारत से शुरू हुई बाल विवाह के खिलाफ मुहिम के वैश्विक आंदोलन में बदलने की यात्रा पर जेआरसी के राष्ट्रीय समन्वयक रवि कांत ने कहा, “चार सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सर्वसम्मति से 27 नवंबर को ‘बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस’ घोषित करने का प्रस्ताव स्वीकार किया। यह जेआरसी और उसके संस्थापक भुवन ऋभु के वर्षों के अथक प्रयासों की एक बड़ी वैश्विक उपलब्धि है। इस ऐतिहासिक प्रस्ताव के पारित होने के समय भुवन ऋभु भी प्रतिनिधिमंडल के साथ संयुक्त राष्ट्र में मौजूद थे। यह भारत के लिए भी गर्व और उपलब्धि का क्षण था, क्योंकि हमारे देश में बाल विवाह रोकने के लिए शुरू हुई मुहिम को आज वैश्विक मंच पर मान्यता मिली और यह संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर का हिस्सा बन गई। यह इस बात का प्रमाण है कि सामाजिक बदलाव की शुरुआत स्थानीय स्तर से हो सकती है, लेकिन सामूहिक प्रयासों से वह पूरी दुनिया का आंदोलन बन सकता है।”
जेआरसी के 300 से अधिक सहयोगी संगठन देश के 782 जिलों में बाल विवाह के उन्मूलन के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं।
संस्था के निदेशक डॉ एचबी सेन ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल बाल विवाह रोकना नहीं, बल्कि ऐसा समाज बनाना है जहां किसी बच्ची को कम उम्र में शादी के लिए मजबूर न किया जाए। हर बेटी को अपना बचपन जीने, शिक्षा हासिल करने और अपनी जिंदगी के फैसले लेने का पूरा अधिकार मिलना चाहिए। 2030 तक भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प तभी पूरा होगा, जब हम हर गांव, हर समुदाय और हर परिवार तक यह संदेश पहुंचाएंगे कि बाल विवाह न स्वीकार्य है और न ही किसी भी परिस्थिति में इसका समर्थन किया जा सकता है।


